
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव : बिल्डिंग मटेरियल देने के नाम पर 1.60 लाख रुपये लेने के बाद दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते का चेक थमाने वाले सप्लायर को अपीलीय न्यायालय ने दो वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। चेक पर किए गए हस्ताक्षर भी खाताधारक के हस्ताक्षर से मेल नहीं खाते थे। न्यायालय ने आरोपित पर 1.60 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है। साथ ही परिवादी को इतनी ही राशि क्षतिपूर्ति के रूप में देने का आदेश दिया है।
प्रकरण के अनुसार, परिवादी विजेंद्र जैन व बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर दीपक वर्मा के बीच व्यवसायिक संबंध थे। दीपक ने फोन कर बताया कि ट्रक एसोसिएशन की हड़ताल के कारण सीमेंट और सरिया की दरें बढ़ने वाली हैं। उसने पहले से सामान खरीदने के नाम पर रुपये जमा कराने को कहा। उसकी बातों में आकर विजेंद्र जैन ने 23 सितंबर को एक लाख और 24 सितंबर 2021 को 60 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से उसके खाते में जमा किए।
लंबे समय तक सामान नहीं मिलने पर परिवादी ने रुपये वापस मांगे। इस पर दीपक वर्मा ने इसाफ बैंक का 1.60 लाख रुपये का चेक दिया। बैंक में चेक जमा करने पर पता चला कि वह दीपक वर्मा का नहीं, बल्कि जागेश्वर जंघेल के खाते का था।
यह भी पढ़ें- डेढ़ साल के बच्चे की गड्ढे में डूबकर मौत, हाई कोर्ट से दो आरोपितों को नहीं मिली राहत
चेक पर किए गए हस्ताक्षर भी खाताधारक के हस्ताक्षर से मेल नहीं खाए। इस कारण चेक बाउंस हो गया। इस तरह परिवादी को दूसरे व्यक्ति के खाते का चेक देकर धोखाधड़ी की गई। परिवादी की लिखित शिकायत पर बसंतपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की।
प्रकरण की सुनवाई के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, राजनांदगांव ने छह मई 2024 को पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर दीपक वर्मा को दोषमुक्त कर दिया था। इस फैसले के विरुद्ध शासन की ओर से अपील प्रस्तुत की गई। अपीलीय न्यायालय ने 26 नवंबर 2026 को अपील स्वीकार की। निचली अदालत का आदेश निरस्त करते हुए दीपक वर्मा (35), निवासी ग्राम पलान्दुर, पुलिस चौकी मोहारा को दोषी ठहराया।