राजनांदगांव ब्रेकिंग : मोतीपुर रेलवे फाटक को शुरु कराने हुआ प्रदर्शन, मांग नहीं मानने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
मार्च में उक्त रेलवे फाटक को स्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। इससे आसपास के लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।
By Ravindra Thengdi
Edited By: Ravindra Thengdi
Publish Date: Mon, 25 Apr 2022 04:47:28 PM (IST)
Updated Date: Mon, 25 Apr 2022 04:47:28 PM (IST)

राजनांदगांव (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शहर के मोतीपुर रेलवे क्रासिंग के पास वार्डवासियों ने रेल प्रशासन द्वारा बंद किए फाटक को फिर से शुरू करने की मांग को लेकर सोमवार को चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। लोगो का कहना था कि फाटक बंद होने से शहर आने जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड रही है।
अंडरब्रिज एक मात्र रास्ता होने की वजह से यातायात का दबाव पहले की तुलना मे वहां काफी बढ गया है। दबाव बढने की वजह से लगातार हादसे हो रहे है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने रेल प्रशासन से मांग की कि बंद रेलवे फाटक को तत्काल खोला जाए। अन्यथा वे उग्र आंदोलन करेंगे। यह प्रदर्शन करीब आधे घंटे तक चला।
इधर प्रदर्शन की खबर लगते हैं चिखली पुलिस चौकी प्रभारी शक्ति सिंह दलबल के साथ पहुचे। तभी राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को शांत करवाया। जनप्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि इस संबंध में उच्च स्तरीय प्रयास किया जाएगा।
इसके बाद लोगों ने रास्ता छोड़ दिया उल्लेखनीय है कि रेल प्रशासन ने दिसंबर में ही यह सूचना जारी कर दी थी कि नए साल में मोतीपुर और तुलसीपुर के बीच संचालित रेलवे फाटक को स्थाई रूप से बंद कर दिया जाएगा। उस दौरान भी क्षेत्र के लोगों ने जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मुलाकात कर फटाक बंद ना करने की मांग रखी थी।
उस समय भी उन्हें आश्वासन तो मिला था लेकिन पिछले महीने मार्च में उक्त रेलवे फाटक को स्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। इससे आसपास के लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।