रायपुर में देर रात बीच सड़क बेल्टबाजी, काका दा ढाबा के बाहर हंगामा
रायपुर के आमानाका इलाके में देर रात काका दा ढाबा के सामने 20 से 25 युवकों के समूह ने सरेराह बेल्ट से जमकर मारपीट की। अचानक हुए इस हुड़दंग से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद देर रात तक ढाबे खुले रहने और पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल उठने लगे हैं।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 01:08:26 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 01:08:26 PM (IST)
रायपुर के आमानाका इलाके में देर रात काका दा ढाबा के सामने युवकों के गुट ने किया हंगामा।HighLights
- अचानक हुए विवाद के बाद युवकों के गुट ने सरेराह बेल्ट से बरसाए वार
- देर रात तक ढाबों के संचालन और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर भड़के लोग
- आमानाका इलाके में रात्रिकालीन पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के आमानाका इलाके में देर रात काका दा ढाबा के सामने युवकों के एक गुट ने जमकर उत्पात मचाया। करीब 20 से 25 युवकों ने एक साथ पहुंचकर सरेराह बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई इस हिंसक झड़प से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर मौजूद लोग सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि वे एक-दूसरे पर बेल्ट से हमला करने लगे, जिससे काफी देर तक सड़क पर हंगामा चलता रहा।
देर रात खुले ढाबों पर नाराजगी
इस घटना के बाद इलाके में देर रात तक संचालित होने वाले ढाबों और वहां जुटने वाले असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि रात में निर्धारित समय के बाद भी ढाबा खुला रहने के कारण यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आए दिन विवाद और मारपीट की स्थिति बनती है।
पुलिस पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
खुलेआम हुई इस मारपीट ने आमानाका क्षेत्र में पुलिस की रात्रिकालीन पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि देर रात संवेदनशील स्थानों और मुख्य मार्ग के ढाबों के आसपास पुलिस की नियमित गश्त व निगरानी रहे, तो इस तरह के हुड़दंग पर समय रहते अंकुश लगाया जा सकता है। फिलहाल मारपीट में शामिल युवकों की पहचान, विवाद के वास्तविक कारण और पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।