राजनांदगांव में चालान मांगने पर टैंकर ड्राइवर को बंधक बनाकर पीटा
राजनांदगांव के पेट्रोल पंप पर चालान मांगने पर टैंकर चालक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह बेहोश हो गया।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 01:11:15 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 01:37:53 PM (IST)
रायपुर के मंदिर हसौद थाने में शून्य प्राथमिकी दर्ज। फाइल फोटोHighLights
- पेट्रोल पंप की लाइट बंद कर मालिक-मैनेजर ने किया हमला
- रायपुर में घायल चालक का इलाज जारी
- गाली-गलौज के बाद कड़े और अग्निशमन सिलेंडर के पाइप से पिटाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर । राजनांदगांव के ईमाम चौक स्थित जीएस भाटिया एंड कंपनी पेट्रोल पंप पर टैंकर से पेट्रोल-डीजल खाली करने के बाद चालान मांगना एक चालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि पेट्रोल पंप के मालिक, मैनेजर और एक अन्य कर्मचारी ने मिलकर चालक के साथ जमकर मारपीट की।
आरोपितों ने पेट्रोल पंप की लाइट बंद करवाकर चालक को हाथ-मुक्कों, हाथ में पहने कड़े और अग्निशमन यंत्र के पाइप से इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया। उसे इलाज के लिए रायपुर लाया गया है। राजधानी के मंदिर हसौद थाने में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में पहले महिला को स्कूटी से टक्कर मारकर गिराया, फिर विरोध करने पर पति की कर दी पिटाई
होश में आने पर मैनेजर को दी घटना की जानकारी
इधर होश में आने पर चालक ने अपने ट्रांसपोर्टर के मैनेजर को फोन कर घटना की जानकारी दी और वहां से टैंकर लेकर मंदिर हसौद पहुंचा। घायल चालक को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंदिर हसौद ले जाया गया, जहां से उसे रिम्स अस्पताल गोढ़ी रेफर किया गया। मामले में टैंकर चालक शुभम कुमार (25 वर्ष) की शिकायत पर मंदिर हसौद थाने में शून्य प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें पेट्रोल पंप के मालिक दिलजीत सिंह, मैनेजर मनीष और एक अन्य कर्मचारी को आरोपी बनाया गया है।
तीन साल से चला रहा है पेट्रोल-डीजल टैंकर
शिकायत के अनुसार, शुभम करीब तीन साल से एचपीसीएल डिपो मंदिर हसौद से पेट्रोल-डीजल टैंकर चलाता है। 14 नवंबर को वह मंदिर हसौद स्थित एचपीसीएल डिपो से पेट्रोल और डीजल लेकर राजनांदगांव के ईमाम चौक स्थित पेट्रोल पंप पहुंचा था। उसके साथ पंप कर्मचारी कमलेश जंघेल भी था।
ईंधन खाली करने के बाद शुभम ने कंपनी में जमा करने के लिए चालान मांगा। आरोप है कि चालान मांगते ही मालिक, मैनेजर और वहां मौजूद कर्मचारी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और तत्काल चालान देने से इन्कार कर दिया। शुभम ने रात करीब 11:24 बजे ट्रांसपोर्टर के मैनेजर राजेश मिश्रा को फोन कर इसकी जानकारी दी।
शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान दिलजीत सिंह कार्यालय से बाहर आया और कर्मचारियों से पंप की लाइट बंद करवा दी। इसके बाद तीनों ने शुभम को जान से मारने की धमकी देते हुए जमकर पीटा। इसके चलते वह बेहोश हो गया।