राजनांदगांव में समझौते के बहाने बुलाकर दो युवकों पर चाकू से हमला, तीन गिरफ्तार
राजनांदगांव के गोलबाजार में मारपीट के बाद समझौते के बहाने मेडिकल कॉलेज अस्पताल बुलाकर दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 08:29:55 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 08:29:55 PM (IST)
मेडिकल कॉलेज अस्पतालHighLights
- गोलबाजार में युवक पर पाइप व बोतल से हमला।
- बदला लेने अस्पताल पहुंचे साथियों ने की ताबड़तोड़ चाकूबाजी।
- दोनों पक्षों पर दो थानों में केस दर्ज, तीन गिरफ्तार।
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव : गोलबाजार में मारपीट की घटना के बाद रंजिश ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। पहले दो युवकों ने गुंडागर्दी करते हुए एक युवक पर लोहे की पाइप और कांच की बोतल से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद मेडिकल कालेज अस्पताल परिसर में समझौते के बहाने पहुंचे दूसरे पक्ष के युवकों ने दोनों हमलावरों पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने चाकूबाजी के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे गोलबाजार मछली मार्केट निवासी यश भीमटे (23) अपने दोस्त चंदन यादव के साथ घर जा रहा था। इसी दौरान ईश्वर जाटव और तिलक जाटव ने गुंडागर्दी शुरु कर दी। चंदन को रोककर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे यश पर दोनों ने लोहे की पाइप और कांच की बोतल से हमला कर दिया। इससे यश के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
समझौते के बहाने बुलाकर किया हमला
मारपीट की जानकारी मिलने पर यश के साथी मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचे। वहां समझौते के लिए ईश्वर और तिलक को भी बुलाया गया। बातचीत के दौरान यश के पक्ष से पहुंचे युवकों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में ईश्वर और तिलक गंभीर रूप से घायल हो गए। जान बचाने के लिए दोनों अस्पताल के भीतर भागे। अस्पताल चौकी के जवानों ने उन्हें संभाला। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
दो थानों में दर्ज हुए मामले
यश भीमटे पर हुए हमले की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने ईश्वर जाटव और तिलक जाटव के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। वहीं, अस्पताल परिसर में हुई चाकूबाजी के मामले में लालबाग पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चाकूबाजी के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।