
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। शहर के गौरीनगर तालाब में गोवंश का सिर कटा मिलने के मामले ने शुक्रवार को तूल पकड़ लिया। संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद सहित हिंदू संगठनों के पदाधिकारी सिटी कोतवाली पहुंच गए।
यहां उन्होंने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और सर्विस रोड पर जाम लगा दिया। इसके चलते सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति निर्मित हो गई। प्रदर्शनकारी मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए संदिग्ध युवक को फांसी देने की मांग पर अड़े रहे।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गौरीनगर तालाब में दो दिन पहले गोवंश का सिर कटा मिलने की घटना सामने आई थी। घटना के बाद से ही हिंदू संगठनों में आक्रोश था। संगठनों ने प्रदर्शन कर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की थी। पुलिस भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी हुई थी।
यह भी पढ़ें- CG Weather: बस्तर समेत कई जिलों में अगले 5 दिनों तक बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं के आसार, मौसम विभाग की चेतावनी
शुक्रवार को पुलिस द्वारा एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की सूचना सामने आई। इसके बाद हिंदू संगठनों के पदाधिकारी सिटी कोतवाली पहुंच गए और घेराव कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सर्विस रोड पर भी जाम लगा दिया गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही संदिग्ध युवक को फांसी देने की मांग उठाई। मामले में पुलिस की जांच जारी है। हालांकि, संदिग्ध युवक की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।