Accident : भटगांव में पेड़ से टकराकर धनुष की तरह मुड़ी कार; युवक की मौत
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे कार धनुष के आकार में मुड़ गई। हादसे में 18 वर्षीय ताहिर खान की मौके पर ही मौत हो गई।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 12:14:24 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 12:14:24 PM (IST)
भटगांव में हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। नईदुनियाHighLights
- अचानक ब्रेक लगाने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई ऑल्टो कार
- गंभीर रूप से घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल किया गया रेफर
- भटगांव पुलिस ने परिजनों से नाबालिग और बिना लाइसेंस बच्चों को वाहन न देने की अपील की
नईदुनिया न्यूज, भटगांव। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पंचायत भटगांव के मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दरअसल तेज रफ्तार ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन धनुष के आकार में मुड़ गया। दुर्घटना में कार सवार 18 वर्षीय ताहिर खान की मौत हो गई, जबकि वाहन चला रहा उसका साथी अकरम खान (18) गंभीर रूप से घायल हो गया है।
तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हुई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। मुख्य मार्ग पर चालक अकरम द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से कार बेकाबू हो गई और सीधे पेड़ से जा भिड़ी। सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बिलाईगढ़ अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने बगल की सीट पर बैठे ताहिर खान को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अकरम को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने परिजनों से की अपील
भटगांव थाना पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि वे कम उम्र के बच्चों और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाले युवाओं को वाहन चलाने के लिए न दें, ताकि इस तरह के जानलेवा हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।