
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर: डेढ़ दशक पहले अपनी पत्नी और मां की निर्मम हत्या के मामले में सजा काटकर गांव लौटे 50 वर्षीय आदिवासी ग्रामीण रामकुमार सिंह गोंड़ की उसके ही बेटे ने टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित बेटे ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते हुए पिता की मौत के बारे में अनजान होने की बात कही और खुद कोतवाली पहुंच गया।
पुलिस की पूछताछ में मामला खुल गया। कोतवाली पुलिस ने आरोपित पुत्र बसंत सिंह (23) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बेलटिकरी की है। पुलिस के अनुसार रामकुमार सिंह गोंड़ ने करीब डेढ़ दशक पूर्व अपनी पत्नी और मां की हत्या की थी। इस मामले में सजा काटने के बाद वह पिछले तीन-चार वर्षों से अपने बेटे बसंत और बेटी के साथ गांव में रह रहा था। बताया गया कि बुधवार रात करीब नौ बजे बसंत सिंह सूरजपुर से मजदूरी कर घर लौटा। घर पहुंचने पर उसे बहन नजर नहीं आई। उसने पिता से बहन के बारे में पूछा तो रामकुमार ने उसके पड़ोस में होने की बात कही। बसंत जब पड़ोस में पहुंचा तो बहन वहां मिल गई।
बहन ने उसे बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और गुरुवार को पड़ोस में तीजा पर्व का पारण होने के कारण उसने खाना नहीं बनाया था। इसी बात को लेकर पिता गाली-गलौज करते हुए उसे मारने की धमकी दे रहे थे, जिससे डरकर वह पड़ोस में चली गई थी।
बहन की बात सुनने के बाद बसंत वापस घर पहुंचा और इसी बात को लेकर पिता से उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में बसंत ने टांगी उठाकर रामकुमार पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर कलेक्टोरेट के सामने ननद-भौजाई में लात-घूंसे, CCTV में कैद, बच्चों को सड़क पर छोड़ भागा पिता
थाने में बोला- पता नहीं कैसे हुई मौत
वारदात के बाद गुरुवार को बसंत कोतवाली थाना पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसके पिता की मौत कैसे हुई, उसे पता नहीं है। सूचना मिलने पर टीआई प्रहलाद यादव, उप निरीक्षक एसआर भगत पुलिस टीम के साथ बेलटिकरी पहुंचे। घर में खून से लथपथ रामकुमार का शव देखकर पुलिस को मामला हत्या का होने का संदेह हुआ। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने बसंत से पूछताछ की तो वह ज्यादा देर तक वारदात छिपा नहीं सका। पूछताछ में उसने भयवश पिता की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपित बसंत सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली है।