
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर : चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र के जंगल से लगे गांवों में हाथियों के साथ अब तेंदुए की मौजूदगी भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। ताजा मामला ग्राम पंचायत मोहरसोप का है, जहां दिनदहाड़े तेंदुआ एक ग्रामीण की बकरी को उठाकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मोहरसोप निवासी प्रकाश नारायण साहू 17 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे अपनी जमीन पर बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक तेंदुआ आया और लाल रंग की एक गर्भवती बकरी को दबोचकर जंगल की ओर भाग गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही तेंदुआ बकरी को लेकर ओझल हो गया। इसके बाद गांव के पंच एवं सरपंच को बुलाकर घटना का पंचनामा तैयार किया गया।
यह भी पढ़ें- एकतरफा निलंबन कार्रवाई पर उठे सवाल: चांदनी-बिहारपुर के प्रधान पाठक ने डीईओ को सौंपा आवेदन, कहा- मैं निर्दोष हूं
ग्रामीणों के मुताबिक, मोहरसोप गांव गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान से लगा हुआ है। इस कारण क्षेत्र में तेंदुए सहित अन्य वन्यजीवों का लगातार आना-जाना लगा रहता है। ग्रामीण पहले से ही हाथियों की आवाजाही और उनसे होने वाले नुकसान से परेशान हैं।
अब तेंदुए के दिनदहाड़े गांव के आसपास पहुंचने से मवेशियों की सुरक्षा के साथ ही लोगों की जान-माल को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में वन्यजीवों की निगरानी बढ़ाने, प्रभावित परिवारों को नियमानुसार तत्काल क्षतिपूर्ति देने और मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।