
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर : जंगल में अवैध रूप से जीआई तार बिछाकर उसमें विद्युत करंट प्रवाहित कर वन्यजीवों का शिकार करने की कोशिश का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने घुई परिक्षेत्र के रमकोला बीट में मध्यरात्रि को दबिश देकर इस गतिविधि में संलिप्त तीन आरोपितों को पकड़ा है। मौके से करंट प्रवाहित करने के लिए बिछाया गया जीआई तार और शिकार के लिए लगाए गए फंदे भी जब्त किए गए हैं। वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आरोपितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग के अनुसार वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा तथा अवैध शिकार पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। इसी दौरान 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि को घुई परिक्षेत्र के रमकोला बीट अंतर्गत वन क्षेत्र में अवैध रूप से जीआई तार बिछाकर उसमें विद्युत करंट प्रवाहित किए जाने की सूचना मिली।
वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दबिश देकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान ग्राम भेलकच्छ निवासी अजय कुमार, पिता कलम साय, रामधानी, पिता रामसिंगार तथा प्रेमसाय, पिता बली को पकड़ा गया।
घटनास्थल से अवैध रूप से बिछाया गया जीआई तार और वन्यजीवों को पकड़ने के लिए लगाए गए फंदे बरामद किए गए। वन विभाग के अनुसार, आरोपित वन क्षेत्र में बिजली का करंट प्रवाहित कर वन्यजीवों के शिकार का प्रयास कर रहे थे। मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। विभाग द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- सूरजपुर में मौत का दूसरा नाम बना 'कबरा' हाथी, दो और को कुचला; अब तक 9 की ली जान