
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : ओड़गी में शैक्षणिक संस्थानों के आसपास शराब दुकान के संचालन को लेकर विद्यार्थियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शासकीय नवीन महाविद्यालय और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से महज 100 से 150 मीटर की दूरी पर संचालित अंग्रेजी शराब दुकान को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग करते हुए परिषद ने अनुविभागीय दंडाधिकारी भैयाथान के नाम ज्ञापन सौंपा है। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर तीन नवंबर को आंदोलन और चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।
विद्यार्थी परिषद का कहना है कि महाविद्यालय और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जैसे शैक्षणिक केंद्रों के इतने नजदीक शराब दुकान का संचालन विद्यार्थियों की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण के लिहाज से उचित नहीं है। संस्थानों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्य मार्ग के समीप शराब दुकान का संचालन कई तरह की असहज परिस्थितियां पैदा कर सकता है।
परिषद ने इस समस्या को लेकर पूर्व में आठ अक्टूबर को भी तहसीलदार ओड़गी को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से विद्यार्थियों का आक्रोश बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें- सूरजपुर: पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 8 निरीक्षकों समेत 73 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर
एबीवीपी के जिला संयोजक विकास ठाकुर ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास इस तरह शराब दुकान का संचालन विद्यार्थियों के हितों से जुड़ा गंभीर विषय है। दुकान को तत्काल किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए। परिषद ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि तीन नवंबर को दोपहर 12 बजे ओड़गी मुख्य मार्ग पर लगभग आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक विकास ठाकुर, जिला एसएफडी प्रमुख निखिल गोयल, नगर मंत्री सेंटू गुप्ता, अभिषेक कुशवाहा, नगर सह मंत्री समर कुशवाहा एवं संदीप कुशवाहा, स्नेहिल गुर्जर, शिवम पांडेय, प्रियम गुर्जर सहित विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित थे।