दादा के कर्ज की रकम चुकाने पहुंचा पोता, वसूली एजेंट ने ही लगा दी 2.14 लाख की चपत
सूरजपुर में दादा का केसीसी कर्ज चुकाने आए पोते को वसूली एजेंट ने फर्जी पर्ची देकर 2.14 लाख ठग लिए, लोक अदालत नोटिस से खुलासा हुआ, आरोपित सीधी से गिरफ्तार।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 09:00:26 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 09:00:26 PM (IST)
आरोपित धर्मेंद्र प्रताप तिवारीHighLights
- पोते को 2.14 लाख की ठगी।
- फर्जी जमा पर्ची थमाई।
- सीधी से गिरफ्तार आरोपित।
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : दादा की मौत के बाद उनके नाम पर बकाया कर्ज चुकाने की जिम्मेदारी पोते ने उठाई, लेकिन उसे क्या पता था कि बैंक का कर्ज वसूलने पहुंचा शख्स ही उसके साथ 2.14 लाख रुपये की ठगी कर जाएगा। दादा के कर्ज से मुक्ति पाने के लिए पोते ने भरोसा कर दो बार एक-एक लाख रुपये दिए और शेष 14 हजार रुपये भी मोबाइल से ट्रांसफर कर दिए। बदले में उसे बैंक की फर्जी जमा पर्चियां थमा दी गईं। जब लोक अदालत से कर्ज अदायगी का नोटिस पहुंचा, तब इस पूरे खेल का पर्दाफाश हुआ।
मामले में फरार चल रहे आरोपित को सूरजपुर पुलिस ने मध्य प्रदेश के सीधी जिले से गिरफ्तार कर लिया है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नकना निवासी बालमसाय राजवाड़े ने वर्ष 2021 में भारतीय स्टेट बैंक सूरजपुर शाखा से 2.14 लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण लिया था।
ऋण लेने के कुछ समय बाद ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद बैंक की ऋण वसूली के कार्य में लगे धर्मेंद्र प्रताप तिवारी (36) पिता रामकुमार तिवारी निवासी राजनगर, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) ऋण की राशि वसूलने उनके घर पहुंचा। वहां उसे बालमसाय की मौत की जानकारी मिली। इस पर उसने मृतक के पोते योजित राजवाड़े को कर्ज की जानकारी दी।
योजित ने दादा का कर्ज चुकाने की जिम्मेदारी लेते हुए पूरी राशि जमा करने का भरोसा दिया। योजित दिसंबर 2022 में एक लाख रुपये लेकर स्टेट बैंक पहुंचा और धर्मेंद्र को राशि सौंप दी। धर्मेंद्र ने उसे बैंक में रकम जमा होने की फर्जी पर्ची थमा दी। इसके बाद जनवरी 2023 में दूसरी बार भी योजित ने एक लाख रुपये दिए और उसे फिर फर्जी जमा पर्ची मिल गई। इतना ही नहीं, कुछ समय बाद धर्मेंद्र दोबारा उसके घर पहुंचा और शेष 14 हजार रुपये अपने मोबाइल पर ट्रांसफर करा लिए।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में नवंबर के मौसम का अनोखा इतिहास, 17 साल बाद भी नहीं टूटा 9.2 डिग्री का रिकॉर्ड
योजित को भरोसा दिलाया कि अब दादा का पूरा कर्ज चुकता हो गया है। लोक अदालत की नोटिस से खुला ठगी का राज- दादा का कर्ज समाप्त होने की बात मानकर योजित निश्चिंत हो गया था, लेकिन बाद में लोक अदालत से ऋण अदायगी का नोटिस पहुंचने पर उसके होश उड़ गए। बैंक में जांच कराने पर पता चला कि धर्मेंद्र ने एक भी किस्त जमा नहीं की थी और उसे दी गई दोनों जमा पर्चियां फर्जी थीं।
शिकायत के बाद पुलिस जांच में भी ठगी की पुष्टि हुई। तब योजित ने सुरजपुर कोतवाली में ठगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत जांच में ठगी की पुष्टि होने पर कोतवाली पुलिस ने धर्मेंद्र प्रताप तिवारी के विरुद्ध धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
जांच में पता चला कि वह सूरजपुर से फरार होकर मध्यप्रदेश के सीधी जिले के ग्राम करथुआ में रह रहा है। पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देश और थाना प्रभारी प्रह्लाद यादव के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक एसआर भगत ने पुलिस टीम के साथ दबिश देकर आरोपित को करथुआ से गिरफ्तार किया। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया।