
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : बकरी की खाल के बारे में पूछने को लेकर पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने कथित रूप से पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना सूरजपुर जिले के चौकी चेन्द्रा क्षेत्र के ग्राम पलमा की है। घर से खेत की ओर गए स्वजन जब शाम को वापस लौटे तो घर में रामकुमारी मृत हालत में पड़ी मिली। शरीर पर चोट के निशान देखकर उसने पुलिस को सूचना दी।
मामले में चौकी चेन्द्रा पुलिस ने आरोपी पति रिंकू पैकरा उर्फ बउधा (32) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पलमा निवासी रजनी पैंकरा ने छह अक्टूबर को चौकी चेन्द्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि सुबह घर में उसका भतीजा रिंकू पैकरा उर्फ बउधा अपनी पत्नी रामकुमारी के साथ मौजूद था। रिंकू बाड़ी में मटन बेचने के बाद पत्नी के साथ बस्ती की ओर गया था। दोनों दोपहर में वापस लौटे। घर आने के बाद रिंकू ने पत्नी से बकरी की खाल के बारे में पूछा।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई, जशपुर से ढ़ाई लाख की अवैध शराब और आरोपी गिरफ्तार
रामकुमारी द्वारा जानकारी नहीं देने पर वह विवाद करने लगा और मारपीट के लिए डंडा उठा लिया। रजनी ने बीच-बचाव करते हुए डंडा उससे छीन लिया और खेत की ओर चली गई। शाम को जब वह वापस लौटी तो घर में कई लोग मौजूद थे। अंदर जाने पर रामकुमारी मृत हालत में पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। इसके बाद रजनी ने पुलिस को सूचना देकर रिंकू पर मारपीट कर पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाया।
चौकी चेन्द्रा पुलिस ने विवेचना शुरू करते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आरोपी रिंकू पैकरा उर्फ बउधा को पकड़ लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी ओड़गी राजेंद्र मंडावी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी चेन्द्रा केश्वर राम मरावी, प्रधान आरक्षक लालमन राजवाड़े, शत्रुहन पोर्ते, राजकुमार, आरक्षक जगत पैकरा, कमलेश्वर सिंह, दीपक खलखो, गिरजा शंकर, घनश्याम सिंह और शैलेश राजवाड़े ने की।