
नईदुनिया न्यूज, बिश्रामपुर: महिला शिक्षिका रजनी बरेठ और उसके किशोर बेटे सुजल बरेठ के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपित प्रवेश कुमार ने पुलिस अभिरक्षा में जेल पहुंचने के दौरान खुद को चोट पहुंचाकर आत्महत्या की कोशिश की। शनिवार शाम पुलिस वाहन में उसने वायरलेस सपोर्ट के एंगल से अपने बाएं हाथ की कलाई पर वार कर नस काटने का प्रयास किया।
कलाई से रक्तस्राव होते देख पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों से उपचार कराने के बाद उसे जेल दाखिल कर दिया गया। घटना के बाद जेल प्रशासन भी आरोपित की सुरक्षा और निगरानी को लेकर सतर्क हो गया है।
जानकारी के अनुसार दोहरे हत्याकांड के मामले में गिरफ्तारी के बाद आरोपित प्रवेश कुमार को साक्ष्य बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया था। शनिवार शाम पांच बजे तक रिमांड अवधि निर्धारित थी। पुलिस टीम साक्ष्य बरामदगी की कार्रवाई पूरी करने के बाद शासकीय वाहन से उसे लेकर सूरजपुर जेल पहुंची।
जेल के सामने वाहन के पहुंचते ही आरोपित ने पुलिस वाहन में वायरलेस उपकरण के सपोर्ट में लगे एंगल का इस्तेमाल कर अपने बाएं हाथ की कलाई को चोट पहुंचाई। अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। उन्होंने तत्काल आरोपित को काबू में लेकर रक्तस्राव रोकने और उपचार की व्यवस्था की।
पुलिस टीम आरोपित को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसकी कलाई में आई चोट का उपचार किया। चिकित्सक डा. मनोज साहू के अनुसार, आरोपित ने किसी धारदार वस्तु से हाथ पर चोट पहुंचाने की कोशिश की थी। इससे कलाई में चोट आई और रक्तस्राव होने लगा। उपचार के बाद उसकी स्थिति में गंभीर चिंता जैसी बात सामने नहीं आई। हालत खतरे से बाहर होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपित को कड़ी सुरक्षा के बीच जेल पहुंचाया। घटना को देखते हुए जेल प्रशासन ने भी उसकी निगरानी बढ़ा दी है। उसकी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि वह दोबारा खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश न कर सके।
गौरतलब है कि सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर क्षेत्र के केशवनगर स्थित ममता कालोनी में महिला शिक्षिका रजनी बरेठ और उसके किशोर बेटे सुजल बरेठ की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। दोनों की अलग-अलग स्थानों पर हत्या किए जाने से मामला लंबे समय तक चर्चा में रहा। पुलिस ने जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद शिक्षिका के स्कूल की प्रभारी प्रधान पाठिका सरिता लकड़ा के पति प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे लूट और कर्ज से जुड़ा मामला सामने आया था।
यह भी पढ़ें- सूरजपुर में मां-बेटे की हत्या के आरोपी की पत्नी ने मिटाया सिंदूर, रोते हुए की फांसी मांग, कहा- मुझे भी मार देता