सूरजपुर में मां-बेटे की हत्या के आरोपी की पत्नी ने मिटाया सिंदूर, रोते हुए की फांसी मांग, कहा- मुझे भी मार देता
सूरजपुर दोहरे हत्याकांड के आरोपी की पत्नी ने सिंदूर मिटाकर पति के लिए फांसी मांगी है। उसने 1 करोड़ का बीमा कराए जाने के बाद खुद की हत्या की आशंका भी जताई है।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 01:17:08 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 01:17:08 PM (IST)
सूरजपुर में मां-बेटे की हत्या के आरोपी की पत्नी ने मिटाया सिंदूर। (नईदुनिया)HighLights
- सूरजपुर डबल मर्डर के आरोपी की पत्नी ने मिटाया सिंदूर।
- सरिता ने रोते हुए हत्यारोपी पति के लिए मांगी फांसी।
- पति ने बिना मर्जी कराया था एक करोड़ का बीमा।
नईदुनिया न्यूज, बिश्रामपुर : सूरजपुर जिले के जयनगर और बिश्रामपुर क्षेत्र में हुई शिक्षिका और उसके बेटे की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। हत्या का आरोपी परवेश कुमार उर्फ प्रवेश कुमार की पत्नी ने अपने ही पति से सारे रिश्ते तोड़ते हुए सिंदूर मिटा दिया और उसे फांसी देने की मांग की है।
अपनी बात रखते हुए मीडियाकर्मियों के समक्ष सरिता फूट-फूट कर रो पड़ी। उन्होंने आशंका जताई कि पति का अगला निशाना वह खुद बन सकती थी, क्योंकि घटना से 15 दिन पहले ही पति ने बिना उसकी इच्छा के उसका एक करोड़ रुपये का बीमा कराया था।
गौरतलब है कि आरोपी की पत्नी सरिता लकड़ा और मृतका शिक्षिका रजनी बरेठ एक ही स्कूल में पदस्थ थीं। उन्होंने कहा कि उसे सपने में भी अंदेशा नहीं था कि उसका पति इस तरह की वारदात को अंजाम दे सकता है।
पति ने पेंड्रा जाने की बात कहकर किया गुमराह
सरिता ने बताया कि घटना वाली रात पति ने पेंड्रा जाने की बात कहकर उसे गुमराह किया था। उसे इस हत्याकांड की जानकारी पुलिस के माध्यम से मिली। उसका कहना है कि उसे पति के इस कृत्य के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
नामर्द कहने की बात पर हत्या का दावा
सरिता के मुताबिक, प्रवेश ने उसे बताया था कि रजनी बरेठ के नामर्द कहे जाने से उसका अहं आहत हुआ था। इसी बात को लेकर उसने गुस्से में हत्या कर दी। सरिता ने कहा कि हो सकता है कि दोनों के बीच अवैध संबंध रहे हों, हालांकि इसकी जानकारी मुझे नहीं है।
2022 से साथ रह रहे थे प्रवेश और सरिता
- मूलतः हरियाणा के करनाल जिले का निवासी प्रवेश कुमार ऑटो पार्ट्स की आपूर्ति का कारोबार करता था। सरिता के अनुसार, कोरोना काल में उसकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई थी। कारोबार के लिए उसने बैंक से करीब 20 लाख रुपये का कर्ज लिया था। आर्थिक संकट के कारण उसे दुकान बंद करनी पड़ी और बाद में वह विभिन्न दुकानों में ऑटो पार्ट्स की आपूर्ति करने लगा।
- इसी दौरान प्रवेश की सरिता लकड़ा से नजदीकियां बढ़ीं। दोनों वर्ष 2022 से मंदिर में विवाह करने के बाद पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। सरिता और मृतका रजनी बरेठ दोनों बेलटिकरी स्कूल में शिक्षिका थीं।
यह भी पढ़ें- बिश्रामपुर की रेण नदी में दर्दनाक हादसा, दो सगे भाइयों और पिता-पुत्र की मौत, ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाले शव