
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर: खेत से सिंचाई पंप चोरी होने के मामले में ग्रामीणों ने ऐसा तरीका अपनाया, जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी के संदेह में चाचा भतीजे को पकड़कर न सिर्फ जूतों की माला पहनाई गई, बल्कि अर्धनग्न कर गांव में घुमाया गया। इसके बाद छड़ी से पिटाई, थप्पड़ और गाली-गलौज की गई। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया है।
घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव की है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एसईसीएल की आमगांव खदान के समीप स्थित ग्राम आमगांव निवासी बिगन सिंह गोंड़ के सुतिया नाला से लगे खेत में सिंचाई के लिए पंप लगाया गया था। नौ अक्टूबर को पंप चोरी हो गया। बताया जाता है कि एक ग्रामीण ने पंप को कोट गांव के एक युवक के साथ ले जाते देखा था।
इसके बाद पंप की तलाश के दौरान बिगन सिंह के परिचित कोट गांव निवासी रनसाय ने जानकारी दी कि एक ग्रामीण और उसके भतीजे ने उसे तीन हजार रुपये में एक पंप बेचा है। इसके लिए उसने एक हजार रुपये का भुगतान भी किया था। पंप दिखाए जाने पर उसकी पहचान बिगन सिंह के चोरी हुए पंप के रूप में की गई।
पंप चोरी की जानकारी सामने आने के बाद गुरुवार शाम ग्रामीण युवकों ने चाचा और उसके भतीजे को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को अर्धनग्न कर जूतों की माला पहनाई गई और गांव में घुमाया गया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई। बहुप्रसारित वीडियो में दोनों को थप्पड़ मारते, छड़ी से पीटते और गाली-गलौज करते देखा जा सकता है। वीडियो में कुछ महिलाएं भी मारपीट के दौरान और मारने की बात कहती सुनाई दे रही हैं।
यह भी पढ़ें- कक्षा में मोबाइल लेकर पढ़ाने वाले शिक्षकों पर गिरेगी गाज, सूरजपुर DEO ने दी दो-टूक चेतावनी, होगी कड़ी कार्रवाई
वीडियो में चोरी कबूलने की बात
प्रसारित वीडियो में पिटाई के दौरान चाचा-भतीजे पंप चोरी करने और उसे एक हजार रुपये में बेचने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही स्वीकारोक्ति किन परिस्थितियों में कराई गई, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रामानुजनगर थाना प्रभारी विराट बीसी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया जा रहा है। अभी तक किसी भी पक्ष ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।
वर्जन
मामला संज्ञान में आया है। घटना की तस्दीक की जा रही है। मामले में दोनों पक्षों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
योगेश देवांगन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सूरजपुर