नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर: सूरजपुर जिला अंतर्गत चांदनी-बिहारपुर में सड़कों की बदहाली से ग्रामीणों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। ग्राम पंचायत करौटी (ए) के खैरा से कोल्हुआ को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क निर्माण के महज दो-तीन वर्ष बाद ही कई जगह से टूटकर जर्जर हो गई है।
खैरा और कोल्हुआ के बीच बना रपटा भी टूट चुका है। इससे इस मार्ग से रोजाना आने-जाने वाले ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ग्राम पंचायत करौटी (ए) के सरपंच एवं संघ अध्यक्ष गजमोचन सिंह ने कलेक्टर सूरजपुर को आवेदन देकर सड़क और रपटा की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
आवेदन में सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने तथा जिम्मेदार निर्माण एजेंसी या ठेकेदार की जवाबदेही तय करने की मांग भी की गई है।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई, जशपुर से ढ़ाई लाख की अवैध शराब और आरोपी गिरफ्तार
कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण रास्ता
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग खैरा और कोल्हुआ के साथ आसपास के कई गांवों को जोड़ता है। मकराद्वारी, उमझर, रसोली, महुली, कोल्हुआ, कछवारी, कछिया, नवाडीह, जुड़मनिया, करौटी, पड़वारी, खैरा, बोकराटोला, चोंगा, मोहरसोप और कैलाश नगर सहित आसपास के ग्रामीण इस मार्ग से आवागमन करते हैं।
सड़क खराब होने और रपटा टूटने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम, स्कूल, बाजार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है। पंचायत ने खैरा-कोल्हुआ क्षेत्र में ग्रामीणों के आवागमन वाले पगडंडी रास्ते पर पुलिया निर्माण तथा करीब पांच सौ मीटर सीसी सड़क बनाने की मांग भी की है।