
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: रेडियो कालरिंग के बाद से कबरा हाथी फिर अकेले ही भटक रहा है। शनिवार की भोर में हाथी फिर उदयपुर के जनपद कार्यालय के सामने जंगल में पहुंच गया। दिनभर जंगल में बिताने के बाद हाथी ,उदयपुर-सलका मार्ग को शाम को पार किया। कबरा हाथी की उपस्थिति के कारण दिनभर उदयपुर-सलका मार्ग बंद रहा।
उदयपुर का स्वामी आत्मानंद कन्या व बालक स्कूल,प्राथमिक पाठशाला धौरापारा झिरमिटी, बीइन्नी स्कूल के अलावा डूमरडीह स्कूल में शनिवार को अवकाश घोषित करना पड़ा।जिस दल का कबरा हाथी मुखिया बन बैठा था वह अब इससे लगभग 15 किलोमीटर दूर दौलतपुर के जंगल में पहुंच गया है। दल के साथ कबरा हाथी की मुलाकात उसे ट्रेंक्यूलाइज करने के बाद से ही नहीं हो सका है।
कबरा हाथी फिर से अकेला हो गया है। अब पहले जैसी आक्रामकता तो नजर नहीं आ रही है लेकिन धीरे-धीरे उसका मूवमेंट फिर से शुरू हो गया है। कालरिंग के बाद उसका मूवमेंट भी कम हो गया है। शनिवार की रात लगभग तीन किलोमीटर चलने के बाद वह उदयपुर जनपद कार्यालय के सामने जंगल में पहुंचा था।
पिछले छह माह में 19 लोगों की जान लेने वाला यह हाथी जब उदयपुर क्षेत्र में घुसा था तो इसी जंगल में सबसे पहले आया था। यहां से वह सायर के जंगल में चला गया था, जहां उसकी मुलाकात 17 हाथियों के दल से हो गई थी। यहां दल के नर हाथी को परास्त कर उसने नेतृत्व करना शुरू कर दिया गया था। इसी कारण उसे ट्रेंक्यूलाइज करने में भी समय लगा था। उसे ट्रेंक्यूलाइज करने के बाद कालर आइडी लगा सीधे रेस्क्यू सेंटर ले जाने की योजना निरस्त कर दी गई थी। उसके व्यवहार के अनुरूप आगे का निर्णय लिया जाएगा।
कबरा हाथी को 18 नवंबर को रामगढ़ की पहाड़ी पर ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाया गया था।24 घण्टे तक तो वह रामगढ़ की पहाड़ी पर ही रहा। शनिवार की सुबह कबरा हाथी रामगढ़ की तराई में आ गया था। उसने खेतों में धान खाने के साथ ही तालाब में नहाया भी था। दिनभर आसपास के जंगल में विचरण करने के बाद वह नजदीक के जंगल में ही था। रात को कबरा हाथी जंगल से निकलकर मृगाडांड़ बस्ती के किनारे से होते हुए डूमरडीह गांव के नजदीक पहुंच गया था। वह एकदम धीरे-धीरे चल रहा था।लगभग तीन किलोमीटर तक ही उसने विचरण किया। शनिवार की भोर में कबरा हाथी सीधे उदयपुर जनपद कार्यालय के सामने जंगल में पहुंच गया था।

कबरा हाथी के फिर से आबादी क्षेत्र के नजदीक आ जाने के कारण दिनभर उदयपुर - सलका मार्ग को बंद रखना पड़ा।इसी मार्ग से होकर सलका,जरहाडीह, खोडरी, खम्हरिया आना-जाना होता है। मार्ग में आवाजाही बंद होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ड्रोन के अलावा अलग-अलग चार स्थानों से हाथी पर नजर रखी जा रही है। पहले जैसा आक्रामक व्यवहार तो फिलहाल कबरा हाथी में नहीं दिख रहा है लेकिन सुरक्षागत कारणों से आसपास के स्कूलों में भी छुट्टी घोषित कर दी गई थी ताकि आपात स्थिति निर्मित न हो सके।
कबरा हाथी के व्यवहार पर लगातार नजर रखी जा रही है। ड्रोन से भी टीम उसका मूवमेंट देख रही है। उसका व्यवहार बदला नजर आ रहा है लेकिन अनावश्यक लोगों की भीड़ उसे देखने के लिए पहुंच रही है। मेरी अपील है कि लोग हाथी को देखने न जाएं और न ही वीडियो बनाने और फ़ोटो लेने की कोशिश करें। डा प्रणय मिश्रा मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी सरगुजा
यह भी पढ़ें- रामगढ़ की 670 मीटर ऊंची पहाड़ी पर 6 दिन चला ऑपरेशन: आखिरकार ट्रेंक्यूलाइज हुआ कुख्यात कबरा हाथी