
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर। जिले की पुलिस चौकी सलका-उमेश्वरपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने राजफाश किया है, जिसमें पत्नी की हत्या कर खुद ही चौकी पहुंचकर गुमराह करने वाली रिपोर्ट दर्ज कराने वाला पति ही आरोपित निकला। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम तारकेश्वरपुर निवासी अलमा प्रजापति ने चार मार्च को चौकी सलका-उमेश्वरपुर में सूचना दी थी कि वह तीन मार्च को सुबह अपने पड़ोसी के साथ कार से खडगवां-रतनपुर गया था और घर में उसकी पत्नी लीलावती अकेली थी। उसने बताया कि रात में लौटने पर पत्नी पलंग के नीचे जमीन पर मुँह के बल लेटी मिली। उसे लगा कि वह शराब के नशे में है, इसलिए उसने ध्यान नहीं दिया। अगले दिन सुबह उठाने पर उसकी मौत हो चुकी थी और चेहरे पर चोट के निशान थे। इस सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जाँच शुरू की।
प्रारंभिक जाँच में मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि अलमा प्रजापति का अन्य महिलाओं से बातचीत को लेकर पत्नी लीलावती से अक्सर विवाद होता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़ा और मारपीट होती थी। पुलिस जाँच के बाद धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जब पुलिस ने संदेही अलमा से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपित पति ने बताया कि तीन मार्च की रात घर लौटने पर पत्नी ने फिर उसके चरित्र पर संदेह जताते हुए विवाद किया। इससे आक्रोशित होकर उसने हाथ-पैर, प्लास्टिक पाइप और चाकू से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद खुद को बचाने के लिए अगले दिन चौकी जाकर झूठी कहानी गढ़कर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपित पति अलमा प्रजापति की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और प्लास्टिक पाइप जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित अलमा प्रजापति (54 वर्ष) को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित क्षेत्र का आदतन बदमाश भी है। इस पूरे मामले में चौकी प्रभारी संजय सिंह यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।