
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी में किसानों को असुविधा न होने देने, अवैध धान की आवक रोकने, बंद आंगनबाड़ी केंद्रों और लगातार अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर भी कार्रवाई को कहा। बैठक में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री ने खरीदी केंद्रों में पेयजल और बैठने की व्यवस्था, किसानों के रकबे का समय पर सत्यापन, टोकन और बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। पीडीएस दुकानों और राइस मिलों में बारदानों तथा मिलर्स द्वारा धान जमा करने की स्थिति की समीक्षा कर राशन दुकानों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। कृषि विभाग से फसल विविधीकरण, दलहन-तिलहन, गन्ना और वैकल्पिक फसलों की प्रगति जानी।
यह भी पढ़ें- कोरबा में सेतु निगम ने आठ स्थलों को किया चिह्नित, पांच पुलों का प्रस्ताव बजट में भेजा, 40 गांवों को फायदा
पशुपालन में गोधाम योजना व टीकाकरण और मत्स्य पालन से स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। स्मार्ट मीटर से अधिक बिल की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के सोलर इंस्टालेशन में तेजी लाने को कहा।
स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति, मरीजों की सुविधाओं, स्क्रीनिंग और आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा की। आंगनबाड़ी संचालन, पोषण ट्रैकर और कार्यकर्ता-सहायिका भर्ती के साथ शिक्षा व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन, जर्जर स्कूल भवनों और अधूरे निर्माण कार्यों की स्थिति भी जानी।
लोक निर्माण, जल जीवन मिशन, ग्रामीण सड़क, आवास, राजस्व और आदिवासी विकास योजनाओं की समीक्षा कर लंबित कार्य समय पर पूरे करने को कहा। वन विभाग को वन संरक्षण, अवैध कटाई और मानव-हाथी द्वंद्व से नुकसान व मुआवजे पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
नशे और इंजेक्शन के दुरुपयोग की रोकथाम के लिए विभागों से समन्वित जागरूकता अभियान चलाने को कहा। मंत्री ने योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और कार्यों की नियमित निगरानी पर जोर दिया। संविधान दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया।