नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : जिले में राजस्व विभाग के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने और प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाने के उद्देश्य से कलेक्टर रेना जमील ने तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों की पदस्थापना में फेरबदल किया है।
जारी आदेश के तहत जिले की विभिन्न तहसीलों और लिंक कोर्ट में पदस्थ राजस्व अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल से प्रेमनगर, प्रतापपुर, भटगांव, सूरजपुर, भैयाथान और पिलखा सहित कई क्षेत्रों की राजस्व व्यवस्था प्रभावित होगी।
जारी आदेश के अनुसार तहसीलदार शेख मोहम्मद एजाज को तहसीलदार प्रेमनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रेमनगर तहसीलदार माधुरी आंचला को अतिरिक्त तहसीलदार प्रतापपुर पदस्थ किया गया है। रामानुजनगर तहसीलदार मनहरण राठिया को तहसीलदार भटगांव बनाया गया है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में फीस वृद्धि पर छात्रों का अनोखा प्रदर्शन, कटोरा लेकर मांगी भीख, पुलिस ने छीना बेशर्म का फूल
इसी तरह नायब तहसीलदारों की पदस्थापना में भी व्यापक बदलाव किया गया है। पिलखा में पदस्थ नायब तहसीलदार मीना सिंह को लिंक कोर्ट देवनगर भेजा गया है, जबकि लिंक कोर्ट देवनगर की नायब तहसीलदार सरिता राजवाड़े को नायब तहसीलदार सूरजपुर की जिम्मेदारी दी गई है। लिंक कोर्ट मानी में पदस्थ प्रियंका टोप्पो को नायब तहसीलदार पिलखा बनाया गया है।
इसके अलावा भू-अभिलेख शाखा में संलग्न नायब तहसीलदार हिना टंडन को भैयाथान, प्रतापपुर में पदस्थ नायब तहसीलदार प्रियंका रवि को लिंक कोर्ट मानी भेजा गया है। वहीं प्रधान नायब तहसीलदार सूरजपुर मोहम्मद इजराइल खान को कार्यालय भू-अभिलेख सूरजपुर में पदस्थ किया गया है।