सूरजपुर: अब मरीजों के घर तक पहुंचेंगे डॉक्टर, लटोरी को मिलेगी सर्वसुविधायुक्त एंबुलेंस
सूरजपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 'डॉक्टर आपके द्वार' एंबुलेंस सेवा शुरू की। लटोरी में सर्वसुविधायुक्त एंबुलेंस, जिला अस्पताल में म...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 14 Oct 2026 04:52:28 PM (IST)Updated Date: Wed, 14 Oct 2026 04:52:28 PM (IST)
कार्यक्रम मेंं स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि फोटो जनसंपर्कHighLights
- मरीजों के घर तक पहुंचेंगे अब डॉक्टर।
- लटोरी को मिलेगी सर्वसुविधायुक्त नई एंबुलेंस।
- जिला अस्पताल में बनेगा मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिश्रामपुर: सूरजपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। अब जरूरतमंद मरीजों को घर के पास ही चिकित्सा परामर्श और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डॉक्टर आपके द्वार एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लटोरी में तत्काल सर्वसुविधायुक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने, जिला अस्पताल में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने और आगामी समय में 220 बिस्तरीय अस्पताल के लिए आवश्यक भवन एवं सेटअप उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
सोमवार को जिला चिकित्सालय परिसर में रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का शुभारंभ किया और विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने जिला चिकित्सालय की अटल आरोग्य लैब में 136 प्रकार की निःशुल्क जांचों की सुविधा को मरीजों के लिए महत्वपूर्ण बताया। सूरजपुर जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण के क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करने की सराहना करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के और विस्तार का भरोसा दिलाया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट: पत्नी का इलाज और बच्चों की पढ़ाई, तबादले के खिलाफ अभ्यावेदन दे सकेंगे उप अभियंता
म हिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर और सुलभ उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय पर जांच, उपचार तथा पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
कमलपुर और चंद्रमेढ़ा में स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड सूरजपुर के कमलपुर में लगभग 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा विकासखंड भैयाथान के चंद्रमेढ़ा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के कार्यों का लोकार्पण किया गया। इससे संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल, कलेक्टर रेना जमील सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।