
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिश्रामपुर: बिश्रामपुर के केशवनगर में मां-बेटे के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस को अहम सुराग मिलने की खबर है। मामले की जांच अब एक संदेही के इर्द-गिर्द केंद्रित होती नजर आ रही है। पुलिस ने केशवनगर ममता कालोनी निवासी उक्त संदेही से पूछताछ तेज कर दी है। उसकी कार को भी पुलिस थाने ले आई है।
घटनास्थल पर शुरुआती जांच के दौरान पुलिस डाग का दो बार उसके घर की ओर जाना और कार के आसपास घूमना अब जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल किसी ठोस निष्कर्ष या संदेही की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मां-बेटे की नृशंस हत्या की इस वारदात ने पूरे बिश्रामपुर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या के बाद से पुलिस पर मामले का जल्द राजफाश करने का दबाव है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं को खंगाल रही है। एक सप्ताह पूर्व शिक्षिका रजनी बरेठ 40 वर्ष व उसके पुत्र सुजल बरेठ की हत्या कर दी गयी थी। दोनों का शव अलग अलग स्थान पर मिला था।
जांच के शुरुआती दिन पुलिस डाग दो बार ममता कालोनी-केशवनगर स्थित संदेही के घर पहुंचा था। इस दौरान वहां खड़ी उसकी कार के आसपास भी डाग के घूमने की बात सामने आई थी। अब पुलिस द्वारा संदेही और उसकी कार को थाने लाकर पूछताछ किए जाने से हत्याकांड की जांच में इस दिशा को अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- सूरजपुर में पंप चोरी के शक में तालिबानी सजा, चाचा-भतीजे को अर्द्धनग्न कर पीटा, जूतों की माला पहनाकर घुमाया
थाने में डटे एसपी, राजफाश की कोशिश तेज
दोहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल स्वयं बिश्रामपुर थाने में मौजूद रहकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस की विभिन्न टीमें संभावित बिंदुओं पर बारीकी से पड़ताल कर रही हैं। संदेही से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के परीक्षण के बीच पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। अब सबकी निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई और हत्याकांड के संभावित राजफाश पर टिकी हैं।