
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर। जरही नगर पंचायत में बुधवार को उस समय दहशत का माहौल निर्मित हो गया, जब एक भालू रिहायशी इलाके में पहुंच गया। भोजन और पानी की तलाश में भटकते हुए भालू को शिव मंदिर सहित आसपास के मोहल्लों में घूमते देखा गया। भालू की मौजूदगी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार भालू करीब दो घंटे तक अलग-अलग स्थानों पर घूमता रहा। इस दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भालू को गलियों और कॉलोनी के आसपास घूमते हुए देखा जा सकता है।
भालू के रिहायशी क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की निगरानी शुरू कर दी। वन अमला लगातार भालू की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। एहतियात के तौर पर लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने और भालू के करीब जाने से बचने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- नक्सल भय पर भारी पड़ा विकास... 4 दशक बाद पहली बार बीजापुर के दारेली गांव पहुंचा प्रशासन, संपन्न हुई जनगणना
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जंगलों में भोजन और पानी की कमी के कारण जंगली जानवर अब आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल वन विभाग की टीम भालू को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।