
नईदुनिया प्रतिनिधि, सरगुजा : खेत में जंगली सूअरों से फसल बचाने के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की कुन्नी पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम रेमहला और लब्जी के बीच झिलमिली जंगल के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, जुगेश्वर पिता शंकर पावले (25) खेत की ओर गया था। इसी दौरान वह फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए लगाए गए करंट वाले तार की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर गांव में अफरा-तफरी मच गई।
कुन्नी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। रात अधिक होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका और शव लखनपुर अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर: हाथियों के आतंक से केदमा मार्ग पर आवागमन ठप, शाम ढलते ही निकलते हैं 26 हाथी
पुलिस के अनुसार, करंट किसने और कैसे बिछाया, इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आएंगे। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरगुजा संभाग में फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेतों में अवैध रूप से करंट बिछाने की घटनाएं पहले भी सामने आई हैं।
बीते वर्षों में इसकी चपेट में आने से किसानों और ग्रामीणों की मौत हो चुकी है। चेतावनी और कार्रवाई के बावजूद किसान यह जोखिम भरा तरीका अपना रहे हैं। जंगली सूअरों से फसल को नुकसान होने पर कई किसान खेत के चारों ओर जीआइ तार में करंट प्रवाहित करते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है।