
नईदुनिया न्यूज, बतौली। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर लुचकी घाट के समीप हुए सड़क हादसे में बतौली के पूर्व सरपंच एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि हिंदाल पैंकरा के पुत्र रितेश पैंकरा सहित दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अंबिकापुर के अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार रितेश पैंकरा, जो कि एमएससी का मेधावी छात्र था, अपने सीतापुर निवासी दो मित्रों के साथ अंबिकापुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार की रात तीनों युवक मोटरसाइकिल से सीतापुर स्थित मित्रों के घर से वापस अंबिकापुर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-43 पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रितेश पैंकरा और सीतापुर निवासी एक अन्य युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- 'बेटी की शादी करूं या कर्ज पटाऊं...', धान नहीं बिकने पर किसान का छलका दर्द, कर्ज से खड़ा हुआ आर्थिक संकट
बतौली में जैसे ही रितेश पैंकरा के निधन की खबर फैली, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। चार संतानों में दूसरे क्रम के रितेश के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन और रिश्तेदार गहरे सदमे में हैं। क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग फरार ट्रेलर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं।