19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी 17 हाथियों के झुंड में घुसा, बदला व्यवहार; छठे दिन भी ट्रेंकुलाइज ऑपरेशन जारी
सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 ग्रामीणों की जान लेने वाले कबरा हाथी के व्यवहार में 17 हाथियों के झुंड में शामिल होने के बाद बदलाव आया है। वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम कुमकी हाथियों और ड्रोन की मदद से छठे दिन भी उसे झुंड से अलग कर ट्रेंकुलाइज करने के प्रयास में जुटी है।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 12:57:45 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 12:57:45 PM (IST)
सरगुजा में 19 ग्रामीणों की जान लेने वाले कबरा हाथी (दाएं) को ट्रेंकुलाइज करने के अभियान में जुटा वन विभाग का प्रशिक्षित कुमकी हाथी तीरथराम (बाएं)। फोटो: नईदुनियाHighLights
- उदयपुर के तेंदूटिकरा से वापस रामगढ़ की पहाड़ी से लगे जंगल में पहुंचा हाथियों का दल
- पहाड़ी क्षेत्र में ट्रेंकुलाइज करना चुनौतीपूर्ण, हाथियों के मैदानी इलाके में आने का इंतजार
- वन विभाग ने कहा- ऑपरेशन की कोई समय-सीमा नहीं, हाथियों व इंसानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 ग्रामीणों की जान लेने वाले 'कबरा' हाथी के व्यवहार में झुंड में शामिल होने के बाद बदलाव आ गया है। पिछले छह दिनों से वह जंगल से बाहर नहीं निकला है। पांचवें दिन भी उसे ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी नहीं लगाई जा सकी। वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम छठे दिन भी ऑपरेशन में जुटी हुई है।
रामगढ़ की पहाड़ी से लगे जंगल में पहुंचा दल, कुमकी हाथियों की ली जा रही मदद
हाथियों का दल उदयपुर ब्लॉक के तेंदूटिकरा और सरमा के बीच के जंगल से वापस रामगढ़ की पहाड़ी से लगे जंगल में पहुंच गया है। मंगलवार को भी कबरा हाथी को झुंड से अलग कर ट्रेंकुलाइज करने के लिए दिन में कई बार प्रयास किए गए, लेकिन अनुकूल स्थिति नहीं बन पाने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके लिए प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की भी मदद ली गई।
बुधवार सुबह से टीम फिर से हाथियों की लोकेशन ट्रैक करने में लगी है। वन्यजीव विशेषज्ञ कुमकी हाथियों पर सवार होकर जंगल में घुसे हैं। पहाड़ी क्षेत्र में ट्रेंकुलाइज करने में दिक्कत आती है, इसलिए प्रयास किया जा रहा है कि हाथी मैदानी क्षेत्र की ओर बढ़ें और कबरा हाथी अलग निकले, ताकि उसे ट्रेंकुलाइज किया जा सके। वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा अत्याधुनिक ड्रोन से हाथियों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
जल्दबाजी नहीं, सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
सरगुजा के मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) डॉ. प्रणय मिश्रा ने बताया कि अच्छी बात यह है कि ऑपरेशन शुरू होने के बाद से कबरा हाथी झुंड में शामिल हो गया है और बाहर नहीं निकल रहा है। इससे हाथी भी सुरक्षित हैं और इंसान भी। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा ऑपरेशन है, जिसकी कोई समय-सीमा निर्धारित नहीं होती। पूरे अभियान के दौरान यह ध्यान रखना पड़ता है कि किसी भी हाथी को कोई नुकसान न पहुंचे और टीम के सदस्य भी पूरी तरह सुरक्षित रहें।
डॉ. मिश्रा के अनुसार, अब लग रहा है कि कबरा हाथी का व्यवहार कुछ बदला है, लेकिन ड्रोन कैमरे की तस्वीरों से पुष्टि हुई है कि वह दल में शामिल दूसरे हाथियों को अभी भी परेशान कर रहा है। उसे ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाने का प्रयास लगातार जारी है।