MP TET Update: 34,200 शिक्षकों की होगी लिस्टिंग, शहरी-ग्रामीण डेटा के आधार पर बनेंगे एक्जाम सेंटर, जल्द तय होगी तारीख
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इनमें करीब 20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक बताए जा रहे हैं, जबकि लगभग ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 18 Oct 2026 09:38:57 AM (IST)Updated Date: Sun, 18 Oct 2026 09:38:57 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है
- 20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक होंगे शामिल
- माध्यमिक शिक्षा मंडल जिला-संभागवार सूची से तय करेगा परीक्षा केंद्र
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा आवेदकों की लिस्टिंग की तैयारी की जा रही है। कर्मचारी चयन मंडल से शिक्षकों की सूची मिलने के बाद इन्हें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के आधार पर अलग-अलग वर्गीकृत किया जाएगा। इसी डेटा के आधार पर आगामी परीक्षा के लिए केंद्र और उनकी संख्या तय की जाएगी।
डेढ़ लाख के मुकाबले सिर्फ 34,200 आवेदन
स्कूल शिक्षा विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सितंबर में शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन मंगाए थे, जिसकी अंतिम तिथि 11 अक्टूबर थी। आवेदन की तारीख दो बार बढ़ाए जाने के बावजूद संख्या में विशेष बढ़ोतरी नहीं हुई।
कुल संभावित डेढ़ लाख शिक्षकों में से केवल 34,200 शिक्षकों ने ही इसके लिए आवेदन किया है। इनमें से लगभग 20 हजार शिक्षक सरकारी स्कूलों के और 14 हजार निजी स्कूलों के हैं।
जिला और संभागवार तय होंगे परीक्षा केंद्र
माशिमं को चयन मंडल से अंतिम सूची मिलने का इंतजार है। सूची मिलते ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि किस जिले और संभाग से कितने शिक्षकों ने आवेदन किया है और उनमें से कितने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पदस्थ हैं। इसी आधार पर परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और रूपरेखा पर काम होगा।
दशहरे के बाद होगी उच्चस्तरीय बैठक
परीक्षा की तारीख और केंद्रों के निर्धारण को लेकर दशहरे के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश वैद्य और लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह सहित अन्य प्रमुख अधिकारियों की बैठक प्रस्तावित है।
इस बैठक में परीक्षा की तिथि पर मुहर लगने के साथ ही जरूरी प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
32 हजार पदों पर पदोन्नति और विरोध के सुर
इस पात्रता परीक्षा के परिणामों पर प्रदेश के सरकारी स्कूलों के 32 हजार से अधिक पदों पर होने वाली पदोन्नति की प्रक्रिया टिकी हुई है। जनवरी तक परिणाम आने पर पदोन्नति प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है। हालांकि, दूसरी तरफ अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा पात्रता परीक्षा का विरोध जारी रखे हुए है।
संगठन की मांग है कि तमिलनाडु की तर्ज पर केंद्र सरकार कानून में बदलाव करे, हालांकि सरकार ने इस मांग को हरी झंडी नहीं दी है।