
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) ने स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के 10 अलग-अलग पदों पर कुल 1,703 रिक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इस भर्ती में सहायक ग्रेड-3 के सबसे अधिक 1,206 पद हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक के 319 पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पांच नवंबर से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती में शोध लेखक हिंदी के 30, अंग्रेजी के तीन और विज्ञानी के 13 पद, उप निरीक्षक (शोध लेखक सामान्य शाखा हिंदी) के 34, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, पंजीयन लिपिक के 50 और सहायक उप निरीक्षक के 319 पद शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में आदिवासी-दलितों का किया जा रहा धर्मांतरण, मुख्यमंत्री मोहन यादव तक पहुंची शिकायत
10 जनवरी को होगी परीक्षा
लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 से दोपहर 12:15 बजे तक पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित होगी। प्रवेश पत्र चार जनवरी को जारी किए जाने की संभावित तिथि है। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर तक शाम पांच बजे का समय निर्धारित किया गया है।
परीक्षा देने पर वापस होगा शुल्क
अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने पर शासन के नियमानुसार शुल्क वापस किया जाएगा। राशि उसी बैंक खाते में लौटाई जाएगी, जिससे आवेदन शुल्क का भुगतान किया गया है। विस्तृत जानकारी मंडल की वेबसाइट cgssb.cgstate.gov.in पर उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में दीवाली पर 2 हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा, सादा वर्दी में तैनात रहेगी क्राइम ब्रांच