
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए अंतिम मौका दिया है। विभाग ने 12 से 16 सितंबर तक कालेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) के लिए लिंक उपलब्ध कराई है। कागजों पर यह पांच दिन की प्रक्रिया है, लेकिन 13 और 14 सितंबर के अवकाश के कारण विद्यार्थियों के पास कॉलेज जाकर प्रवेश लेने के लिए अब सिर्फ 12, 15 और 16 सितंबर ही बचे हैं।
इस चरण की सबसे बड़ी खासियत यह है कि विद्यार्थियों को ऑनलाइन सीट अलाटमेंट का इंतजार नहीं करना होगा। जिस कॉलेज और पाठ्यक्रम में सीट खाली है, वहां सीधे पहुंचकर प्रवेश लिया जा सकता है। ऐसे में विद्यार्थियों को सीट की उपलब्धता पता करने, जरूरी दस्तावेज जुटाने और फीस जमा करने के लिए बहुत कम समय मिला है।
कॉलेजों के अनुसार सीएलसी में प्रवेश के लिए कॉलेज पहुंचना अनिवार्य है। इसलिए कार्य दिवस अहम हैं। 13 और 14 सितंबर की छुट्टियों के चलते घोषित पांच दिनों में से दो दिन कम हो गए। यदि सीएलसी छुट्टियों के बाद शुरू होती तो विद्यार्थियों को लगातार कार्य दिवस मिलते और अधिक सीटें भरने की संभावना रहती।
प्रदेश में 2026-27 सत्र के लिए एक मई से प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। अब तक छह लाख 14 हजार से अधिक विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। स्नातक में करीब चार लाख 29 हजार प्रवेश हुए हैं। इसके बावजूद कई कॉलेजों और पाठ्यक्रमों में सीटें खाली हैं। इंदौर संभाग में ही लगभग आठ हजार सीटें रिक्त बताई जा रही हैं।
पीजी में करीब एक लाख 70 हजार विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, लेकिन केवल एक लाख 29 हजार ने ही प्रवेश पूरा किया। करीब 40 हजार पंजीकृत विद्यार्थी अभी भी इस चरण में प्रवेश ले सकते हैं।
अब 15 और 16 सितंबर विद्यार्थियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्हें पसंद के कॉलेज में जाकर खाली सीट की जानकारी लेकर मूल दस्तावेज और फोटोकापी के साथ रिपोर्टिंग करनी होगी। कॉलेजों को 17 सितंबर तक खाली सीटों की जानकारी पोर्टल पर अपडेट करनी है।