नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनसीटीई पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तृतीय अतिरिक्त चरण की समय-सारणी जारी कर दी है। इस वर्ष भी शिक्षक बनने की चाह रखने वाले युवाओं की पहली पसंद फिर बैचलर ऑफ एजुकेशन (बीएड) बनी हुई है।
हालांकि, पिछले सत्र की तुलना में इस बार उपलब्ध सीटों और प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। इस सत्र में एनसीटीई के नौ पाठ्यक्रम में कुल 64,047 सीटें उपलब्ध थीं, जिनमें से 59,764 सीटों पर प्रवेश हुए हैं।
पिछले सत्र में 71,387 सीटों पर 67,318 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था।इस तरह इस वर्ष सीटों और प्रवेश दोनों में गिरावट आई है।
बीएड में 55,757 प्रवेश हुए
बीएड की इस वर्ष 58,527 सीटों में से 55,757 सीटों पर प्रवेश हुआ है। यानी 95 फीसद से अधिक सीटें भर चुकी हैं।पिछले सत्र में 59,327 सीटों पर 57,723 प्रवेश हुए थे। इस बार बीएड की सीटों में 800 की कमी आई, जबकि प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या 1,966 कम रही।
इसके बावजूद एनसीटीई के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश में बीएड में सबसे कम प्रवेश हुए हैं।
वहीं एमएड की 3,125 सीटों में से 2,168 पर प्रवेश हुआ है। बीपीएड की 1,350 सीटों में 1,138 और एमपीएड की 295 सीटों में 275 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।
तीसरे अतिरिक्त चरण की समय-सारणी जारी
उच्च शिक्षा संचालनालय ने एनसीटीई कोर्सेज के लिए तृतीय अतिरिक्त चरण की समय-सारणी जारी कर दी है। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 13 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे।
दस्तावेजों का सत्यापन 15 सितंबर तक होगा।16 सितंबर को मेरिट सूची जारी की जाएगी और 17 सितंबर को सीट आवंटन पत्र उपलब्ध होंगे।
आवंटित विद्यार्थियों को 17 से 19 सितंबर तक संबंधित हेल्प सेंटर पर मूल दस्तावेज, टीसी और माइग्रेशन लेकर भौतिक सत्यापन कराना होगा।इसके बाद 17 से 20 सितंबर तक ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा किया जा सकेगा।