
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नेशनल काउंसिल फार टीचर्स एजुकेशन (एनसीटीई) से मान्यता प्राप्त बीएबीएड और बीएससीबीएड पाठ्यक्रम की परीक्षा व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। विभिन्न सेमेस्टर की परीक्षा तय समय से तीन महीने पीछे चल रही हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ ही आगे की कक्षाओं और परिणाम को लेकर भी परेशानी बढ़ गई है।
जून-जुलाई में होने वाली कई परीक्षाएं अब अक्टूबर से दिसंबर के बीच कराई जा रही हैं। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने लंबित परीक्षा को कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए विद्यार्थियों से परीक्षा फार्म भरवाए जा रहे हैं। संबंधित कॉलेजों को जल्द से जल्द सिलेबस पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें नियमित विद्यार्थियों के साथ एटीकेटी वाले विद्यार्थी भी शामिल होंगे।
दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के परीक्षा देने की संभावना है। बीएबीएड के दूसरे, चौथे और छठे तथा बीएससीबीएड के तीसरे और सातवें सेमेस्टर की परीक्षा लंबित है। सामान्य तौर पर बीएबीएड के दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर की परीक्षा जून-जुलाई में होती है।
बीएससीबीएड के तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर की परीक्षा फरवरी में कराई जाती है, मगर कुछ सालों में प्रवेश प्रक्रिया में देरी हुई है। इससे पूरा परीक्षा और रिजल्ट कैलेंडर प्रभावित हुआ है।
विश्वविद्यालय के मुताबिक कुछ परीक्षा की तारीख तय कर दी गई है। बीएबीएड आठवें सेमेस्टर की परीक्षा 14 से 16 अक्टूबर तक होगी। बीएससीबीएड तीसरे सेमेस्टर के पेपर 22 से 31 अक्टूबर के बीच होंगे। बीएबीएड चौथे सेमेस्टर की परीक्षा 23 अक्टूबर से चार नवंबर तक रखी गई है। बीएबीएड छठे सेमेस्टर की एक अन्य परीक्षा के लिए एक से 11 दिसंबर की अवधि तय की गई है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा को अलग-अलग सत्र में रखा है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशेष तिवारी ने बताया कि बीएससीबीएड के तीसरे और सातवें तथा बीएबीएड के दूसरे और छठे सेमेस्टर की परीक्षा का टाइम टेबल अगले सप्ताह जारी किया जाएगा। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि परीक्षा होने के बाद मूल्यांकन में ज्यादा देरी न हो।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करीब 25 दिनों में पूरा होगा। फिर एक महीने के भीतर परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे। परीक्षा व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आब्जर्वर भी नियुक्त किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- DAVV Indore: पीएचडी की खाली सीटों का एचओडी को देना होगा ब्यौरा, दिसंबर में एडमिशन प्रोसेस