MP Board Exam 2027: कक्षा 10वीं-12वीं के डमी एडमिट कार्ड जारी, 31 दिसंबर तक सुधार
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए ऑनलाइन डमी प्रवेश पत्र जारी किए हैं। विद्यार्थी स्कूल के माध्यम से नाम, विषय, परीक्षा माध्यम सहित सभी विवरणों की जांच कर सकेंगे।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 01:56:58 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 01:56:58 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- एमपी बोर्ड ने जारी किए डमी प्रवेश पत्र
- 31 दिसंबर तक करा सकेंगे सुधार
- घोषणा पत्र जमा होने के बाद मिलेगा मूल प्रवेश पत्र
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के डमी प्रवेश पत्र ऑनलाइन जारी कर दिए हैं। कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी स्कूल के माध्यम से डमी प्रवेश पत्र में दर्ज जानकारी की जांच कर सकेंगे। इसमें नाम, विषय, परीक्षा का माध्यम सहित अन्य विवरणों में गलती होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराया जा सकेगा।
मंडल ने सभी हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों के प्राचार्यों को विद्यार्थियों के डमी प्रवेश पत्र की सावधानीपूर्वक जांच कराने के निर्देश दिए हैं। स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों से व्यक्तिगत जानकारी और परीक्षा से संबंधित विवरणों का मिलान कराने के बाद आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इससे परीक्षा के दौरान मूल प्रवेश पत्र में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
31 दिसंबर तक जमा करना होगा ऑनलाइन घोषणा पत्र
मंडल के अनुसार डमी प्रवेश पत्र में संशोधन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित स्कूल प्राचार्य या अग्रेषण संस्था के प्राचार्य को ऑनलाइन घोषणा पत्र जमा करना अनिवार्य है। पहले इसके लिए 26 अक्टूबर अंतिम तिथि निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 31 दिसंबर कर दिया गया है। स्कूलों को इस अवधि में विद्यार्थियों के प्रवेश पत्रों की जांच और जरूरी सुधार की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
विषय और माध्यम में सुधार पर शुल्क
डमी प्रवेश पत्र की जांच के दौरान विषय,परीक्षा माध्यम या अन्य संबंधित जानकारी में गलती मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन संशोधन कराया जा सकेगा। मंडल ने स्पष्ट किया है कि कुछ संशोधनों के लिए निर्धारित शुल्क जमा करना होगा, इसलिए विद्यार्थियों को अपने स्कूल से समय रहते संपर्क कर विवरण की जांच कराने की सलाह दी गई है।
घोषणा पत्र के बाद मिलेगा मूल प्रवेश पत्र
मंडल ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन घोषणा पत्र जमा होने के बाद ही विद्यार्थियों के मूल प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे, इसलिए स्कूल प्राचार्यों को अंतिम तिथि से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। विद्यार्थी डमी प्रवेश पत्र और संशोधन से संबंधित जानकारी के लिए मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।