
एजुकेशन डेस्क। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 जून से 1 जुलाई 2026 तक विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से इस बार 36 विषयों में शोध कार्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें मनोविज्ञान, मानवशास्त्र, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, जैव रसायन, रसायन विज्ञान समेत कई प्रमुख विषय शामिल हैं।
क्या हैं प्रवेश के नियम
इग्नू ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के वर्ष 2022 के नियमों के अनुसार संचालित की जाएगी। अभ्यर्थी चार अलग-अलग श्रेणियों के तहत आवेदन कर सकते हैं। इनमें यूजीसी-नेट जेआरएफ, सहायक प्राध्यापक एवं पीएचडी के लिए पात्र नेट अभ्यर्थी, केवल पीएचडी के लिए पात्र नेट अभ्यर्थी तथा विश्वविद्यालय स्तर की प्रवेश परीक्षा के माध्यम से आवेदन करने वाले उम्मीदवार शामिल हैं।
प्रवेश प्रक्रिया के तहत सभी अभ्यर्थियों को साक्षात्कार या वाइवा-वोसे में शामिल होना अनिवार्य होगा। हालांकि, जेआरएफ या नेट उत्तीर्ण उम्मीदवारों को प्रवेश परीक्षा से छूट दी जाएगी और उन्हें सीधे साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
पूर्णकालिक और अंशकालिक दोनों प्रकार के पीएचडी
विश्वविद्यालय पूर्णकालिक और अंशकालिक दोनों प्रकार के पीएचडी कार्यक्रम संचालित करता है। चयनित शोधार्थियों को नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में निर्धारित पाठ्यक्रम कार्य पूरा करना होगा। इसके साथ ही कोर्स वर्क के दौरान न्यूनतम 80 प्रतिशत उपस्थिति भी अनिवार्य रहेगी।
इतनी है फीस
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन पत्र भरना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए 2,000 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन से पहले पात्रता और प्रवेश संबंधी सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें- CG के युवाओं के लिए खुशखबरी: CGPSC से NEET तक तैयारी आसान, बिलासपुर में 120 करोड़ का एजुकेशन हब सपनों को देगा उड़ान