
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर सत्रांत परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू होंगी। परीक्षाएं 14 जनवरी तक दो पालियों में आयोजित की जाएंगी।
क्षेत्रीय केंद्र जबलपुर के अंतर्गत 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें दो केंद्रीय जेल भी शामिल हैं। जबलपुर परिक्षेत्र में इस बार 4 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जबलपुर, कटनी, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, शहडोल, रीवा, सिंगरौली, नरसिंहपुर, सागर, छतरपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों के अग्रणी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
क्षेत्रीय निदेशक एवं कार्यालय प्रमुख ने बताया कि परीक्षार्थी समर्थ पोर्टल पर अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड की मदद से पहचान पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसी पोर्टल पर प्रवेश पत्र (हाॅल टिकट) और परीक्षा की समय सारणी भी उपलब्ध है।
क्षेत्रीय निदेशक एवं कार्यालय प्रमुख डॉ. सोमासी श्रीनिवास ने बताया कि सभी परीक्षार्थियों को समर्थ पोर्टल से अपना पहचान पत्र डाउनलोड कर परीक्षा कक्ष में लाना अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र में मोबाइल सहित किसी भी डिजिटल उपकरण को ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
क्षेत्रीय निदेशक डाॅ. विवेक श्रीवास्तव ने परीक्षा पूर्व तैयारियों की समीक्षा के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और परीक्षा के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए जरूरी निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में समरसता कप क्रिकेट टूर्नामेंट का पंजीयन आज से, विजेता टीम को मिलेंगे 1.21 लाख रुपये