
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सनातन समाज की एकता और समरसता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित समरसता कप क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर उत्साह बढ़ने लगा है। रानीताल खेल परिसर में 12 से 19 दिसंबर तक होने वाले टेनिस बाल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए टीमों का पंजीयन 24 नवंबर से प्रारंभ होगा।
इच्छुक टीमें 27 नवंबर तक मदन महल स्थित समरसता कार्यालय में 3100 रुपये शुल्क के साथ पंजीयन करा सकेंगी। टूर्नामेंट में विभिन्न समाजों की 16 टीमें हिस्सा लेंगी। विजेता टीम को 1 लाख 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। ये निर्णय समरसता सेवा संगठन की बैठक में लिया गया है।
बैठक में सर्व सम्मति से चेंबर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सचिव अखिल मिश्रा को आयोजन समिति का संयोजक नियुक्त किया गया। आयोजन समिति के अनुसार प्रथम 16 पंजीकृत टीमों को प्राथमिकता दी जाएगी। खिलाड़ियों के लिए जबलपुर जिले का निवासी होना अनिवार्य है।
बैठक में समरसता सेवा संगठन के संस्थापक और प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, संगठन अध्यक्ष पवन पांडे, सचिव मनोज सेठ, अमित अग्रवाल, मोनिक शाह,गौरव जैन, मुरली अग्रवाल, कृष्ण अग्रवाल, कमल कलवानी, मोनी अडनानी, चैतन्य रघुवंशी, समर गायकवाड़, मुकेश हांडा, वरिष्ठ उज्जवल पचौरी, रज्जू राठौर सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
सभी सदस्य दिन-रात टूनार्मेंट की तैयारियों में लगे हुए हैं। टीमों, खलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों की सुविधा के तहत हर व्यवस्था के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
आयोजन में अधिवक्ता, पत्रकार, चिकित्सक और इंजीनियर एकादश के बीच मैत्री मैच भी खेले जाएंगे। समिति के अनुसार यह आयोजन केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सभी समाजों को जोड़ने और सनातनी एकता का संदेश देने का प्रयास है। उपविजेता सहित विभिन्न श्रेणियों में भी पुरस्कार दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में निर्माणाधीन मकान के बाहर खड़ी दो वैन बनीं आग का गोला, गैस किट में होते रहे धमाके