
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यप्रदेश में एमबीबीएस और बीडीएस में प्रवेश का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए आखिरी मौका आ गया है। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय (DME), भोपाल ने एमपी स्टेट नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के स्ट्रे वैकेंसी राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह एमबीबीएस और बीडीएस की बची हुई सीटों के लिए अंतिम राउंड है। इसके बाद इस सत्र में प्रवेश का कोई और मौका नहीं मिलेगा। प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
डीएमई द्वारा पहले कॉलेजवार खाली सीटों की संख्या जारी की गई है और दूसरी सूची में पात्र छात्रों के नाम जारी होंगे। पात्र छात्र 22 अक्टूबर रात 11:59 बजे तक पोर्टल पर कॉलेजों के विकल्प भर सकेंगे। इस बार व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पोर्टल पर हर कॉलेज की खाली सीटों से 10 गुना अधिक छात्रों की रियल टाइम मेरिट लिस्ट दिखाई जाएगी। इससे छात्रों को अपनी संभावित स्थिति का अंदाजा पहले से मिल सकेगा और वे सही विकल्प चुन पाएंगे।
विकल्प भरने वाले छात्रों को 23 और 24 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित कॉलेज में खुद जाकर उपस्थिति दर्ज करानी होगी। डीएमई द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी पोर्टल पर हाजिरी दर्ज करेंगे।
नियम सख्त है, एक छात्र केवल एक ही कॉलेज में रिपोर्ट कर सकेगा। अगर कोई छात्र दो कॉलेजों में हाजिरी देता है तो उसका आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। इसलिए छात्रों को सोच-समझकर एक ही कॉलेज का चयन करना होगा।
हाजिरी और मेरिट के आधार पर चयनित छात्रों का प्रवेश 25 अक्टूबर को होगा। कॉलेजों को शाम 6 बजे तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यही इस सत्र का अंतिम प्रवेश होगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय पर कॉलेज पहुंचें और सभी जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आएं ताकि अंतिम मौके पर कोई परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- MP के यात्रियों के लिए बड़ी खबर, भोपाल-बीना-कटनी रूट पर चार मेमू ट्रेनें कैंसिल, 19 ट्रेनों का रूट और स्टेशन बदला