
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने सोमवार को क्रीड़ा अधिकारी परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। ओबीसी आरक्षण के चलते आयोग ने परिणाम को दो हिस्सों में निकाला है। मुख्य सूची में चयनित 117 अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं, जबकि 26 अभ्यर्थियों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है।
सरकारी कॉलेजों में क्रीड़ा अधिकारियों के 187 पद रिक्त हैं, जिनमें 53 सामान्य, 26 अनुसूचित जाति (एससी), 23 अनुसूचित जनजाति (एसटी), 62 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और 23 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के पद थे। इनमें दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी पद आरक्षित थे। इन पर भर्ती के लिए दो साल से प्रक्रिया चल रही है। क्रीड़ा अधिकारी पदों के लिए लिखित परीक्षा एक जून 2025 को करवाई गई।
परिणाम 12 नवंबर 2025 को जारी किया गया। इसमें 398 अभ्यर्थियों को मुख्य भाग और 52 को प्रावधिक भाग में रखा गया था। करीब 10 महीने बाद चयनित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। यह प्रक्रिया 30 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक चली। आयोग ने साक्षात्कार के करीब 45 दिन बाद अंतिम परिणाम जारी किया है।
अंतिम चयन प्रक्रिया में 187 पदों में से 158 पदों को शामिल किया गया। इनमें से 117 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। परिणाम में आरक्षित पदों पर योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने की स्थिति भी सामने आई है। आयोग के मुताबिक दिव्यांग श्रेणी के 23 में से 20 पदों के लिए योग्य अभ्यर्थी नहीं मिले। इसी तरह एसटी श्रेणी में भी 13 पद रिक्त रह गए हैं।
यह भी पढ़ें- MPPSC: सहायक प्राध्यापक गणित विषय का अंतिम चयन परिणाम घोषित, 154 में से 129 अभ्यर्थी सिलेक्ट