
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने सहायक प्राध्यापक 2024 के अंतर्गत गणित विषय का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। ओबीसी आरक्षण के चलते आयोग ने परिणाम को दो हिस्सों में बांटा है।
मुख्य भाग में चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है, जिसमें 129 अभ्यर्थियों के नाम हैं। खास बात यह है कि प्रक्रिया के दौरान 20 में से 12 दिव्यांग पदों के लिए योग्य उम्मीदवार नहीं मिले। ऐसी ही स्थिति एसटी श्रेणी में भी रही, जिसमें 13 पद रिक्त रह गए हैं।
सरकारी कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक गणित विषय के 177 पद रिक्त हैं। इनमें 37 सामान्य, 25 एससी, 32 एसटी, 66 ओबीसी और 17 ईडब्ल्यूएस पद शामिल हैं। 1 जून 2025 को लिखित परीक्षा हुई थी। इसका परिणाम चार महीने बाद 27 अक्टूबर 2025 को घोषित किया गया, जिसमें 459 अभ्यर्थियों को मुख्य भाग और 148 को प्रावधिक भाग में रखा गया था।
करीब 11 महीने बाद चयनित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। 2 से 12 सितंबर के बीच साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। आयोग ने 15 दिनों के भीतर साक्षात्कार का परिणाम घोषित कर दिया।
इसमें 177 में से 154 पदों को चयन प्रक्रिया में रखा गया था, लेकिन 129 अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। आयोग के मुताबिक, दिव्यांग श्रेणी में 20 पद रखे गए थे। इनमें 9 श्रवणबाधित और 3 दृष्टिबाधित पदों पर एक भी उम्मीदवार नहीं मिला है। वहीं, एसटी श्रेणी के 13 पद भी रिक्त रह गए हैं।
यह भी पढ़ें- MPPSC की 25 हजार रुपये लेट फीस जारी रहेगी, हाई कोर्ट ने निरस्त की याचिका