
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। वेटरनरी कौंसिल ऑफ इंडिया की सख्ती के बाद 30 सितंबर तक काउंसलिंग प्रक्रिया खत्म कर दी गई, बावजूद इसके खाली सीट शेष रह गई थीं। अब शेष 33 सीटों को भरने के लिए 26 नवंबर को स्पाट काउंसलिंग होगी।
फिशरी की 24 और वेटरनरी की महज 9 सीटों के लिए काउंसलिंग होने जा रही है। काउंसलिंग वेटरनरी कालेज जबलपुर में होगी। वहीं काउंसलिंग प्रक्रिया और सीटों की जानकारी विवि ने अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।
कुल खाली सीटो में जबलपुर, मऊ और रीवा के वेटरनरी काॅलेजों में बीवीएससी एंड एएच की महज नौ सीटें रिक्त हैं। इनमें जबलपुर में चार, मऊ में तीन और रीवा में दो सीटें शामिल हैं।
जबलपुर के कालेज आफ फिशरी साइंस में बीएफएससी पाठ्यक्रम की 24 सीटें खाली हैं। इन सीटों का भरना मुश्किल हो गया है। इधर 33 सीटों में फिशरी की सीटों को छोड़ दिया जाए तो वेटरनरी की महज नौ सीट ही खाली हैं।
कुल 33 सीटों में से 22 फ्री और 11 पेमेंट श्रेणी की हैं। काउंसलिंग के लिए नए अभ्यर्थियों को 23 नवंबर से 25 नवंबर की रात 11:59 बजे तक एनडीवीएसयू के एमपीऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन करना होगा।
अभ्यर्थियों को 26 नवंबर को सुबह 9:30 से दोपहर 1:30 बजे तक व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर उपस्थिति दर्ज कराने और मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। इसके बाद दोपहर दो बजे से मेरिट के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन, फीस भुगतान और प्रवेश की प्रक्रिया होगी।
आडिटोरियम, कालेज ऑफ वेटरनरी साइंस एंड एनिमल हसबैंड्री, साउथ सिविल लाइंस, जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास
यह भी पढ़ें- आल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप खेलने जा रही जबलपुर की जूडो टीम ने भरा 4 हजार जुर्माना