
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की महिला जूडो टीम के वडोदरा में आल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने गई थी, लेकिन वहां खेलने से पहले ही उन्हें सिस्टम से लड़ना पड़ा।
महत्वपूर्ण है कि टिकट इनके पास स्लीपर का था, लेकिन जगह न होने पर भूलवश एसी कोच में प्रवेश कर गईं। जिसके चलते 4 हजार जुर्माना लगा, नतीजन आते समय जेब खाली थी। बावजूद इसके विवि प्रशासन बेफ्रिक है और टीम के साथ गए महिला टीम मैनेजर-कोच डाॅॅ. बृजेंद्र यादव अपने हाथ खड़े कर चुके हैं। महिला टीम तो आ चुकी है।
दूसरी टीम यानी विवि का पुरुष जूडो दल अभी वडोदरा में ही रुकी हुई है संभवत: वह बुधवार को जबलपुर को टीम कोच डा दीपेंद्र यादव के साथ रवाना होगी। महिला जूडाे खिलाड़ियों का कहना है कि जुर्माना तो उन्होंने अपनी जेब से भर दिया। लेकिन यह राशि मिलेगी कि नहीं इस संबंध में विवि मौन है।
विवि शारीरिक शिक्षण विभाग की संचालक अलका नायक को घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है। इस बीच टीम मैनेजर-कोच डा बृजेंद्र यादव का कहना है कि महिला दल में 4 खिलाड़ी शामिल थे। वहीं डा दीपेंद्र यादव के साथ गए पुरुष जूडो दल में 7 खिलाड़ी शामिल हैं।
आल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक जूडो खिलाड़ी को टूर्नामेंट अवधि में प्रतिदिन के 600 रुपये मिलते हैं। इस लिहाज से वडोदरा में आल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में हिस्सा 21 व 22 नवंबर को खेला गया। एक दिन अतिरिक्त जोड़ते हुए प्रति खिलाड़ी 1800 रुपये की राशि विवि को देनी है।
विवि की महिला जूडो खिलाड़ियों ने बताया कि उन्हें वडोदरा जाने के लिए स्लीपर की टिकट दी गई थी। दोपहर तक वे कोच के लिए ही लड़ती रहीं। जैसे-तैसे ट्रेन से इटारसी पहुंचीं और वहां से दूसरी ट्रेन मिली। स्लीपर में घूमने तक की जगह नहीं थी। ऐसे में थक हारकर वे एसी कोच में बैठ गईं। रात में टीटी आया और लड़ने लगा। लाख मिन्नतें कीं और 4 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया।
यह भी पढ़ें- रिश्वतखोरी गंभीर कदाचार, संविदा नवीनीकरण का अधिकार नहीं; हाई कोर्ट में याचिका खारिज