
दीप्ति मुले, नईदुनिया, जबलपुर। घूमने-फिरने, नई जगहों और अलग-अलग संस्कृतियों को जानने का शौक रखने वाले युवाओं के लिए पर्यटन का क्षेत्र बेहतर करियर विकल्प बन सकता है। तेजी से विकसित हो रहे टूरिज्म सेक्टर में अब केवल गाइड या ट्रैवल एजेंट तक ही रोजगार सीमित नहीं है।
इस क्षेत्र में पढ़ाई करने वाले युवा टूर ऑपरेटर, ट्रैवल कंसल्टेंट, एयरलाइंस, होटल मैनेजमेंट, इवेंट मैनेजमेंट और पर्यटन विभाग में भी अपना भविष्य बना सकते हैं। खास बात यह है कि जबलपुर में भी पर्यटन से संबंधित कई पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
पर्यटन के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार पाठ्यक्रम चुन सकते हैं। 10वीं के बाद ट्रैवल एंड टूरिज्म में डिप्लोमा किया जा सकता है। वहीं 12वीं पास विद्यार्थी बीबीए इन टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट, बीए इन टूरिज्म, बीए इन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी जैसे स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं।
इन पाठ्यक्रमों के लिए सामान्यतः किसी भी विषय से 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी होता है। कुछ संस्थानों में न्यूनतम अंकों और प्रवेश परीक्षा की शर्त भी हो सकती है। स्नातक के बाद विद्यार्थी एमबीए इन टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट, पीजी डिप्लोमा और अन्य विशेषज्ञता वाले पाठ्यक्रम कर सकते हैं। इनमें पर्यटन प्रबंधन, ट्रैवल ऑपरेशन, टूर पैकेज तैयार करना, टिकट बुकिंग, ग्राहक प्रबंधन, विदेशी भाषाओं और पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जाती है।
टूरिज्म का कोर्स पूरा करने के बाद युवा ट्रैवल एजेंसी, टूर एंड ट्रैवल कंपनियों, एयरलाइंस, रेलवे टूरिज्म, होटल, रिसाॅर्ट और क्रूज इंडस्ट्री में काम कर सकते हैं। इसके अलावा टूरिस्ट गाइड, ट्रैवल प्लानर, टूर मैनेजर, टिकटिंग एग्जीक्यूटिव, इवेंट कोआर्डिनेटर और पर्यटन विभाग में भी अवसर मिल सकते हैं। अनुभव और जरूरी लाइसेंस के साथ युवा अपना ट्रैवल एजेंसी या टूर ऑपरेटर का व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं।
भेड़ाघाट, धुआंधार, मदन महल, बरगी डैम और कान्हा जैसे पर्यटन स्थलों के नजदीक होने के कारण जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन आधारित गतिविधियों की संभावनाएं हैं। स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने से प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खुल सकते हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी बोर्ड ने बदला पैटर्न, फिर भी पुराने ढर्रे पर हो रही अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, असमंजस में 30 लाख विद्यार्थी