
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और समस्या-समाधान के कौशल को बढ़ावा देने के लिए सीबीएसई साइंस चैलेंज 2026-27 आयोजित करने की घोषणा की है। यह प्रतियोगिता कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए दो चरणों में स्कूल स्तर और अंतर-स्कूल स्तर पर आयोजित की जाएगी। इस चैलेंज में भाग लेने के लिए छात्रों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
प्रतियोगिता के पहले चरण के तहत स्कूल स्तर पर परीक्षा का आयोजन दो से 13 नवंबर के बीच किया जाएगा, जिसके लिए स्कूलों द्वारा पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी तरह दूसरे स्तर के लिए परीक्षा 17 से 25 नवंबर व तीसरे चरण की परीक्षा 30 नवंबर से 4 दिसंबर के बीच होगी। बोर्ड के इस प्रयास का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे ले जाकर उनकी तार्किक और विश्लेषणात्मक क्षमताओं को निखारना है।
प्रथम चरण के सफल आयोजन के बाद प्रत्येक संबद्ध स्कूल अपनी संस्था से कुल छह विद्यार्थियों कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं से प्रत्येक कक्षा से सर्वश्रेष्ठ 2 छात्रों का चयन करेगा। चयनित छात्रों का यह पंजीकरण 17 नवंबर से 25 नवंबर के बीच सीबीएसई पोर्टल पर किया जाएगा। इसके पश्चात दूसरे और अंतिम चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 30 नवंबर से 4 दिसंबर के बीच आयोजित की जाएगी।
बोर्ड द्वारा दूसरे चरण के सभी प्रतिभागियों को आनलाइन सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही, बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विशेष प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। सीबीएसई ने देश भर के सभी संबद्ध विद्यालयों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस वैज्ञानिक मंच से जुड़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि छात्रों में रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूत किया जा सके।