
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रीशियन और ब्यूटीशियन विषयों पर एक माह के निश्शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी डाॅ. हर्षित द्विवेदी द्वारा स्वरचित पुस्तक का विमोचन भी किया गया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि डॉ. शुक्ला ने प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के कौशल आधारित प्रशिक्षण से भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन जबलपुर की सलाहकार समिति के अध्यक्ष डाॅ. अरुण शुक्ला, विशिष्ट अतिथियों में शासकीय महाविद्यालय बरेला के डाॅ. हेमंत तनकप्पन, शासकीय महाविद्यालय उमरिया पान की डाॅ. दीपिका जैन और शासकीय आईटीआई के प्राचार्य संत सिंह शामिल हुए।
महाविद्यालय की प्राचार्य डा. आकृति ने कहा कि यह प्रशिक्षण प्रशिक्षार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता सिंह बघेल ने किया और आभार प्रदर्शन डॉ. मनीषा व्यास ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के काव्या साहू, डाॅ. मनोज कुमार गुप्ता, डाॅ. सचिन कोस्टा, डाॅ. स्मिता परसाई, डाॅ. राजाराम सिंह, युवराज तिवारी, अनिल तिवारी, इलेक्ट्रीशियन आलोक त्रिपाठी, ब्यूटीशियन राशि त्रिपाठी, मनीष, राजीव और जितेंद्र सहित अन्य स्टाफ सदस्यों की सहभागिता रही।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के जेठी हाॅस्पिटल में प्रसव के बाद गायब नवजात बच्ची केजे मेमोरियल अस्पताल में मिली