
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर । जेठी हास्पिटल (जगदीश हास्पिटल) से नवजात बच्ची के रहस्यमय ढंग से गायब होने और दूसरे अस्पताल में मिलने के मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के समक्ष आपराधिक परिवाद दायर किया गया है।
प्रार्थी शकीर सिद्दीकी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 175(3) सहपठित धारा 223 के तहत आवेदन प्रस्तुत कर पुलिस को एफआइआर दर्ज कर निष्पक्ष विवेचना के निर्देश देने की मांग की है।
परिवाद के अनुसार, 21 मई 2026 को नवजात बच्ची को उपचार के लिए जेठी हाॅस्पिटल में भर्ती कराया गया था। 24 मई को करीब 45 हजार रुपये जमा कर डिस्चार्ज प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब परिजन बच्ची को लेने पहुंचे तो वह एनआइसीयू/पीआइसीयू में नहीं मिली।
अस्पताल प्रबंधन से संतोषजनक जवाब और चिकित्सकीय दस्तावेज भी नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। स्वजनों ने स्वयं तलाश की तो बच्ची केजे मेमोरियल हास्पिटल में मिली। आरोप है कि उसे बिना पूर्व सूचना और सहमति के वहां पहुंचाया गया था।
आवेदन में कहा गया है कि सिविल लाइंस थाना और पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बावजूद एफआइआर दर्ज नहीं की गई। इस संबंध में हाई कोर्ट में दायर याचिका पर 22 जुलाई को दोनों अस्पतालों के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए थे।
बाद में 14 अगस्त को हाई कोर्ट ने वैकल्पिक वैधानिक उपाय अपनाने की स्वतंत्रता दी थी। परिवादी ने दोनों अस्पतालों के सीसीटीवी, डीवीआर और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर फोरेंसिक जांच कराने तथा बच्ची के स्थानांतरण में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की मांग की है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज करने का आग्रह किया है। मामले में न्यायालय की कार्रवाई अपेक्षित है।
यह भी पढ़ें- संस्कारधानी जबलपुर में नर्मटा तट के 300 मीटर के दायरे में बनाए सबसे ज्यादा रिसोर्ट-काॅलोनी