
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने सरकारी विभागों के रिक्त पदों को लेकर अभी तक विज्ञापन नहीं निकाला है, लेकिन उसके पहले ही अगले साल होने वाली परीक्षाओं की तारीख तय कर दी।
आयोग ने वर्ष 2027 का प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर शुक्रवार को जारी कर दिया है जबकि अभी साल खत्म होने में डेढ़ महीना बाकी है। यहां तक कि 2026 में करवाई गई कई परीक्षाओं के अंतिम परिणाम घोषित नहीं हुए हैं, जिसमें राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 और 2026 का परिणाम भी शामिल है।
आयोग ने 2027 की परीक्षाओं का शेड्यूल निकाला है, जिसमें सालभर में दो दर्जन से ज्यादा विभिन्न विभागों के रिक्त पदों के लिए भर्ती परीक्षाएं होनी हैं। इसमें राज्य सेवा व वन सेवा प्रारंभिक-मुख्य परीक्षा 2027, राज्य अभियांत्रिकी सेवा, खनिज निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, वैज्ञानिक अधिकारी सहित कई विभाग शामिल हैं। अभी इन विभागों के रिक्त पदों की संख्या या भर्ती के विज्ञापन जारी नहीं किए हैं।
आयोग ने संबंधित विभाग से रिक्त पदों के लिए मांगपत्र मंगवाए हैं। आयोग के कैलेंडर के मुताबिक वर्ष 2027 की पहली परीक्षा 24 जनवरी को राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसके बाद 14 फरवरी को राज्य अभियांत्रिकी सेवा और सात मार्च को राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) आयोजित की जाएगी।
आयोग के ओएसडी रवींद्र पंचभाई का कहना है कि समस्त सरकारी विभागों से रिक्त पदों के बारे में जानकारी प्राप्त होने के बाद भर्ती परीक्षा की अधिसूचना निकाली जाएगी। वे कहते हैं कि ओबीसी प्रकरण अभी सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। उसमें शासन के निर्देश मिलते ही रिजल्ट निकाले जाएंगे।
ओबीसी आरक्षण मामले में हाईकोर्ट के फैसले और सरकार के सुप्रीम कोर्ट जाने के कारण एमपीपीएससी की कई भर्ती परीक्षाओं के परिणाम प्रभावित हैं। सितंबर 2022 से लागू 87-13 प्रतिशत के फार्मूले के तहत 90 से अधिक परीक्षाओं के 1300 से ज्यादा पद अब तक होल्ड हैं। इनमें 13 प्रतिशत पद प्रावधिक श्रेणी में रखे गए हैं। सहायक प्राध्यापक भर्ती 2022, 2024 और 2025, खेल अधिकारी 2024, सहायक प्रबंधक तथा वन सेवा 2024 और 2025 जैसी भर्तियां भी प्रभावित हैं।
यह भी पढ़ें- MP में UPSC और MPPSC की भी फ्री कोचिंग, हिंदी ग्रंथ अकादमी की बैठक में मंत्री परमार का ऐलान
यह भी पढ़ें- एमपी के युवाओं के लिए खुलेगा नौकरी का पिटारा... MPPSC और ESB से 2 लाख पदों पर होगी भर्ती