MP में UPSC और MPPSC की भी फ्री कोचिंग, हिंदी ग्रंथ अकादमी की बैठक में मंत्री परमार का ऐलान
मप्र सरकार यूपीएससी और एमपीपीएससी की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग सेंटर शुरू करेगी। हिंदी ग्रंथ अकादमी की बैठक में मंत्री इंदर सिंह परमार ने एससी-एसटी छात्रों को मुफ्त किताबें देने के निर्देश दिए।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 09:03:45 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 09:03:45 AM (IST)
MP में UPSC और MPPSC की भी फ्री कोचिंग। (एआई जनरेटेड)HighLights
- MP में खुलेगी UPSC, MPPSC की फ्री कोचिंग।
- निजी और सरकारी यूनिवर्सिटी के छात्रों को लाभ।
- SC/ST विद्यार्थियों को मुफ्त में मिलेंगी किताबें।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: प्रदेश के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए अब नीट और जेईई की तर्ज पर यूपीएससी व एमपीपीएससी के भी निश्शुल्क कोचिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
यह बात उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने सोमवार को मंत्रालय में मप्र हिंदी ग्रंथ अकादमी की कार्यसमिति एवं प्रबंधक मंडल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने निर्देश दिए कि अकादमी की गुणवत्तापूर्ण और कम कीमत वाली पुस्तकें प्रत्येक वर्ग के विद्यार्थी तक पहुंचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए।
पुस्तकों की सहज उपलब्धता पर जोर
- बैठक में मंत्री परमार ने कहा कि शासकीय महाविद्यालयों की तर्ज पर अब शासकीय और निजी विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विद्यार्थियों को भी अकादमी की पुस्तकें निश्शुल्क उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएं।
- उन्होंने बाजार में पुस्तकों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने और पुस्तकालयों को सुव्यवस्थित करने पर जोर दिया। साथ ही, मोबाइल के बढ़ते प्रभाव के बीच विद्यार्थियों में पुस्तक आधारित गहन अध्ययन की रुचि विकसित करने और उपयोग के बाद पुस्तकें पुस्तकालयों में जमा कराने का आह्वान किया।