ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम एआईएडीएमके देश की प्रमुख क्षेत्रीय पार्टियों में से एक है। पार्टी तमिलनाडु में सात बार सरकार बना चुकी है। इसका प्रभाव पास के केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में भी है। 2019 के लोकसभा चुनावों में इस पार्टी के केवल एक उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी। इसकी स्थापना 1972 में तमिल फिल्मों के बड़े अभिनेता और राजनीतिज्ञ एमजी रामचन्द्रन ने डीएमके से अलग होकर की थी। रामचन्द्रन के बाद जयललिता इस पार्टी की सबसे प्रभावशाली नेता थीं। जयललिता पांच बार राज्य की मुख्यमंत्री बनी थीं। उनका निधन 5 दिसंबर, 2016 को हुआ था। फिलहाल, एडापड्डी पलानीस्वामी पार्टी के जनरल सेक्रेटरी हैं।