भारत राष्ट्र समिति दक्षिण भारतीय राज्य तेलंगाना की क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी है। पहले इसका नाम तेलंगाना राष्ट्र समिति टीआरएस था। पार्टी को पूरे भारत में स्थापित करने के उद्देश्य से इसका नाम बदला गया था। के. चंद्रशेखर राव पार्टी के अध्यक्ष हैं। तेलंगाना राज्य के गठन के बाद से के. चंद्रशेखर राव मुख्यमंत्री के रूप में काम कर रहे थे। हालांकि 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। नवंबर-दिसंबर 2018 में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर पार्टी ने लगातार दूसरी बार राज्य में सरकार बनाई थी। अलग तेलंगाना राज्य के मुद्दे पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साथ मतभेद के बाद 2001 में चंद्रशेखर राव ने टीआरएस का गठन किया था। 2014 में तेलंगाना राज्य के गठन के बाद पहली बार उसी साल यहां विधानसभा चुनाव हुआ था, जिसमें टीआरएस की सरकार बनी थी। भारत राष्ट्र समिति के इस समय तेलंगाना में 39 विधायक हैं।