राज्य ब्यूरो, भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने रविवार रात 23 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। इसमें भाजपा और कांग्रेस से आए कई नेताओं को भी चुनाव मैदान में उतारा गया है। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव रहे हेमंत ऋषिराज सिंह को पवई से टिकट दिया है। भाजपा से आए प्रद्युम्न वर्मा को पोहरी से उतारा है। इसके साथ ही मायावती की पार्टी अब तक 149 प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से हुए समझौते के अनुसार, बसपा 178 और बाकी सीटों पर गोंडवाना चुनाव लड़ रही है।
वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से रविवार को लखनऊ में मध्य प्रदेश अध्यक्ष रामायण सिंह पटेल ने मुलाकात की। इसमें तय किया गया कि पार्टी कुछ और सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए नामों पर जल्द विचार कर प्रत्याशी घोषित होंगे। कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना समाप्त होने के बाद सपा की चुनाव रणनीति पर अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष पटेल की बैठक हुई।
पटेल ने बताया कि चुनाव लड़ने के लिए कई मजबूत व्यक्ति संपर्क में हैं। कुछ और सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाएंगे। इसको लेकर निर्णय जल्द होगा। कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। बैठक में इस संबंध में चर्चा नहीं हुई। आगामी रणनीति को लेकर बात की गई।